लखीमपुर खीरी। धौरहरा ब्लॉक में नोड्यूज के नाम पर उम्मीदवारों से अवैध वसूली किए जाने के मामले में डीपीआरओ सौम्य शील सिंह ने धौरहरा के प्रभारी एडीओ पंचायत/ सचिव राजेश वर्मा के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की संस्तुति करते हुए डीएम के पास फाइल भेज दी है। साथ ही प्रभारी एडीओ पंचायत से ग्राम पंचायतों का चार्ज हटा लिया गया है।
पंचायत चुनाव के लिए उम्मीदवारों द्वारा नोड्यूज बनवाए जाने के दौरान अवैध वसूली की शिकायतें मिली थीं, जिसकी खबर अमर उजाला ने तीन अप्रैल को प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसके बाद सीडीओ अरविंद सिंह ने दोषी कर्मचारियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश डीपीआरओ को दिए थे। इसी क्रम में डीपीआरओ ने जांच के बाद प्रभारी एडीओ पंचायत/सचिव राजेश वर्मा का उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए अनुशासनिक कार्रवाई की संस्तुति कर दी है।
सचिव के पास से ग्राम पंचायतों का कार्यभार हटा लिया गया है। डीपीआरओ सौम्य शील सिंह ने बताया कि प्रभारी एडीओ पंचायत के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई करने की संस्तुति की गई है, जिसमें आगे की कार्रवाई करने की अनुमति डीएम से मांगी गई है।