मोहम्मदी पंचायत चुनाव के उम्मीदवार रात में अक्सर वोटरों को लुभाने के लिए खाने पीने के अलावा अन्य सामग्री का वितरण करते थे। प्रशासन ने रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक रात्रि कर्फ्यू लगा दिया है, जिससे पंचायत चुनाव में प्रत्याशियों के चुनावी समीकरण बदल गए हैं, जहां एक ओर रात में होने वाली दावतों और जनसंपर्क पर विराम लगा है तो इतना सब कुछ होने के बाद भी कोरोना और प्रशासन का खौफ न मानते हुए कुछ प्रत्याशी चोरी छुपे रात में मतदाताओं की खातिरदारी करते नजर आ रहे हैं। प्रत्याशियों का कहना है रात्रि कर्फ्यू ने ग्राम पंचायत के मजरों और दूसरे गांवों में पहुंचना मुश्किल कर दिया है, जिससे दिन में ही मतदाताओं से मिलकर वोट मांगने पड़ रहे हैं।
इधर, ईसानगर और पलिया से मिली जानकारी के अनुसार यहां रात्रि कर्फ्यू के बावजूद प्रत्याशी चोरी छिपे न सिर्फ रात में जनसंपर्क कर रहे हैं बल्कि दावतें भी दी जा रहीं हैं। पलिया के मरुआ पश्चिम, पतवारा, सरखना पूरब, छोटी पलिया के अलावा संपूर्णानगर में भी देर रात तक प्रत्याशियों को जनसंपर्क करते देखा जा सकता है।