मुकेश अंबानी केसः NIA ने मुम्बई के एक होटल और क्लब की ली तलाशी, सचिन वाजे के करीबी सहयोगी को लिया हिरासत में

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚

मुकेश अंबानी के 'एंटीलिया' आवास के बाहर 25 फरवरी को जिलेटिन की छड़ों से भरी कार मिली थी. जिस मामले में मुंबई पुलिस के पूर्व अधिकारी सचिन वाजे को गिरफ्तार किया गया था. वहीं गुरुवार को NIA ने सचिन वाजे की एक करीबी सहयोगी को हिरासत में लिया है.

मुम्बईः राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के पास से बरामद एसयूवी और उद्योगपति मनसुख हिरन की मौत के मामले में गुरुवार को दक्षिण मुम्बई के एक होटल और एक क्लब की तलाशी ली. इसके अलावा, एजेंसी ने ठाणे के एक फ्लैट में भी तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान मुख्य आरोपी सचिन वाजे की एक करीबी सहयोगी को हिरासत में ले लिया गया.

NIA ने ली 'सोनी बिल्डिंग' की तलाशी


अधिकारियों ने बताया कि एनआईए का एक दल दोपहर करीब पौने एक बजे बाबुलनाथ मंदिर के पास 'सोनी बिल्डिंग' में बने एक होटल और क्लब में पहुंचा. अधिकारियों ने बताया कि होटल में मौजूद लोगों और कर्मचारियों को परिसर खाली करने को कहा गया. अधिकारी ने बताया कि छापेमारी के दौरान एनआईए के कर्मचारियों ने क्लब और होटल में कुछ लोगों से पूछताछ की. जांच दल करीब तीन घंटे बाद वहां से रवाना हुआ.


गामदेवी थाने के कुछ अधिकारी भी वहां मौजूद थे, क्योंकि यह इलाका इसी थाने के तहत आता है. सूत्रों ने बताया कि जांच एजेंसी मामले में अपनी जांच के सिलसिले में मुम्बई पुलिस के निलंबित अधिकारी सचिन वाजे को हाल ही में बाबुलनाथ इलाके में लेकर आई थी. वहीं, एनआईए के दूसरे दल ने ठाणे जिले के मीरा रोड स्थित एक फ्लैट की भी तलाशी ली.


सचिन वाजे की सहयोगी को किया गया गिरफ्तार


सूत्रों ने बताया कि इस फ्लैट में एक महिला रहती थी और यह करीब दो सप्ताह से बंद था. उन्होंने बताया कि उस महिला को शाम में हवाई अड्डा पर हिरासत में ले लिया गया. महिला कथित तौर पर वाजे की करीबी सहयोगी है. अंबानी के घर के पास एक एसयूवी से जिलेटिन की छड़ें बरामद होने के बाद से वाजे एनआईए की जांच के घेरे में आए थे. वाजे को 13 मार्च को गिरफ्तार किया गया था. एनआईए की ओर से गिरफ्तार किए जाने के बाद वाजे को निलंबित कर दिया गया था.


राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने बुधवार को दावा किया था कि उद्योगपति मुकेश अंबानी के आवास के निकट एक वाहन में मिली जिलेटिन की छड़ों की खरीद मुंबई पुलिस के निलंबित अधिकारी सचिन वाजे ने की थी. एनआईए ने रविवार को एक लैपटॉप, एक प्रिंटर, दो हार्ड डिस्क, दो वाहन नंबर प्लेट, दो डीवीआर और दो सीपीयू को गोताखोरों की मदद से मीठी नदी से बरामद किया था.


एनआईए 25 फरवरी को अंबानी के घर के बाहर जिलेटिन छड़ों के साथ एसयूवी खड़ी करने और कारोबारी मनसुख हिरन की मौत के मामले में वाजे की कथित भूमिका की जांच कर रही है. हिरन का शव पांच मार्च को ठाणे के मुंब्रा कस्बे में एक नाले में मिला था.

Tags

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !