संजयनगर गुरुद्वारे में 20 दिन से ठहरे पीलीभीत के परिवार की करतूत
Demo image - lmpnews
संजयनगर गुरुद्वारे के जत्थेदार बाबा रेशम सिंह के मुताबिक पीलीभीत में थाना अमरिया क्षेत्र का एक व्यक्ति 20 दिन पहले अपनी पत्नी और नाबालिग बेटी के साथ यहां आया और मजबूरी बताकर एक-दो दिन ठहरने की अनुमति मांगी। इसके बाद से ये लोग गुरुद्वारे में रुके थे। एक सप्ताह तक शांति से रहने के बाद तीनों वहां आने वाले श्रद्धालुओं से अभद्रता करने लगे। उन्होंने आरोपियों से जाने को कहा तो वे धर्म को लेकर अभद्र बातें कहने लगे। परेशान होकर शुक्रवार को भी इन लोगों ने श्रद्धालुओं से अभद्रता की। अपराह्न करीब चार बजे गुरुद्वारे के लोगों ने यूपी 112 पर सूचना दी। पीआरवी वहां पहुंची तो परिवार की महिला ने पुलिस कर्मियों के साथ गालीगलौज की। इस पर पीआरवी की टीम ने एक और पीआरवी बुला ली। महिला कांस्टेबल प्रीति और राधा ने आरोपियों को वहां से ले जाने का प्रयास किया तो आरोपी उनसे भिड़ गए। एक महिला सिपाही की वर्दी फाड़ दी। किसी तरह पुलिस आरोपियों को लेकर थाना बारादरी पहुंची। बारादरी इंस्पेक्टर शितांशु शर्मा ने बताया कि इस मामले में महिला, उसके पति और नाबालिग बेटी के खिलाफ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज किया गया है।