लखीमपुर खीरी। ईद-उल-फितर शुक्रवार को जिले भर में सादगी के साथ मनाया गया। ईद की नमाज अक़ीदत और एहतराम के साथ मस्जिदों में पांच-पांच लोगों ने सामाजिक दूरी के साथ अता की। कोरोना संक्रमण को देखते हुए लोगों ने गले न मिलकर एक दूसरे को दूर से ही ईद की मुबारकबाद दी। नमाज के दौरान मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा।
शहर की जामा मस्जिद में पेश इमाम मौलाना इसहाक ने नमाज पढ़ाई। उन्होंने मुल्क एवं समाज की उन्नति एवं कोरोना महामारी से निजात दिलाने के लिए अल्लाह से दुआ की। उन्होंने सभी लोगों को ईद की मुबारकबाद दी।
खीरी टाउन। पर्व को लेकर जहां एक तरफ लोगों में खुशी थी तो वहीं लोगों में संक्रमण का खौफ भी। संक्रमण को लेकर पेश इमाम और मौलानाओं की अपील का पालन करते हुए समाज के लोगों ने गले लगने के बजाय दूर से मुबारकबाद दी। शिया मस्जिद मीरा ताल पर मौलाना जीशान अब्बास, झंडे वाली मस्जिद में क़ारी अख्तर रजा बरकाती,र हमली शाह मस्जिद में हाफिज वसी क़ादरी, शाही किले मस्जिद में मौलाना जर्रार, सुन्नी ईदगाह पर मौलाना निजामुद्दीन ईदुल फितर की नमाज अता कराई।
मैलानी। घरों पर नमाजे चाश्त अदा कर मुल्क, कौम एवं समाज की तरक्की के लिए दुआएं मांगी।
पलियाकलां। त्योहार पर लोगों ने सामाजिक दूरी का पालन कर एवं मोबाइल फोन से बधाई दी। मदीना मस्जिद, जामा मस्जिद, नूरी मस्जिद, नई मस्जिद के साथ ईदगाह पर पांच-पांच लोगों ने नमाज अता की। सीओ राजेश कुमार, इंस्पेक्टर सुनील कुमार, चौकी इंचार्ज उदयभान यादव मौजूद रहे।
मोहम्मदी। ईद पर नमाज अता कर मुल्क की तरक्की, भाई चारे अमन के लिए दुआ की गई। एसडीएम स्वाति शुक्ला, इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था के लिए गश्त करते रहे।
सिकंद्राबाद। कस्बा क्षेत्र की ईदगाह एवं मस्जिद में पांच-पांच लोगो ने दो गज की दूरी और मास्क है जरूरी के नियम का पालन करते हुए नमाज अता की।
बरबर। पेश इमाम मौलाना अनीस अहमद कासमी की इमामत में ईद की नमाज अता की गई।
धौरहरा। तहसील क्षेत्र के ईसानगर, धौरहरा, खमरिया, कटौली, कफारा,रमियाबेहड़, सिसैया, महराजनगर, रामनगर लहबड़ी, शेखनपुरवा सहित पूरे क्षेत्र में कोरोना गाइडलाइन का पालन कर ईद पर्व मना। एसडीएम धौरहरा रेनू, तहसीलदार धौरहरा अनिल कुमार यादव, सीओ धौरहरा टीएन दुबे, प्रभारी निरीक्षक धौरहरा विद्या सागर पाल, प्रभारी निरीक्षक ईसानगर संजय त्यागी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
सिंगाही। ईदगाह में इमाम मुजीबुर्रहमान खां, जामा मस्जिद हाफ़िज अल्वी, झाले की मस्जिद में इमाम तौहीद, बढ़ियन टोला में मौलाना इमामत क़ासमी व भेरौड़ा की नूरी मस्जिद में हाफिज फारूक ने नमाज अता कराई। मस्जिदों में पांच लोगों ने ही नमाज अता की। कोतवाली प्रभारी ज्ञान प्रकाश तिवारी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भ्रमण करते रहे।
घरों में पढ़ी ईद की नमाज, नहीं लगे मेले
गोला गोकर्णनाथ। कोरोना काल में ईद पर्व सादगी से मनाया गया। मस्जिदों में पांच लोगों ने नमाज पढ़ी। रोजेदारों ने घरों में नमाज पढ़कर शुभचिंतकों को मोबाइल आदि से मुबारकबाद दी। पुलिस की सख्ती के कारण ईदगाह पर सन्नाटा छाया रहा। मेले भी नहीं लगे।
ममरी। ममरी, हैदराबाद, गनेशपुर, नयागांव, अजान, मूड़ाविष्नू, चांदामऊ, घरथनियां में ईद का त्योहार कोविड नियमों का पालन कर घरों पर नमाज पढ़कर मनाया गया। संवेदनशील गांव अल्लीपुर में सन्नाटा रहा। एसडीएम अखिलेश यादव, एसओ अजय कुमार शर्मा आदि मदरसे के आसपास शाम तक डेरा जमाए रहे।
रोशननगर। कोरोना संक्रमण में लोगों ने घरों में नमाज अता की। रोशननगर, वनबुधेली, अंगदपुर, सरकारगढ़, सौखिया में भी ईद की नमाज में मुल्क को कोरोना से मुक्त करने की दुआ की गई।
भीखमपुर सहित कोरियानी, बीरमपुर, कुतुलुपुर, लालपुर समेत क्षेत्र के में ईद पर्व मनाया गया।
अमीरनगर। मस्जिदों में पांच लोगों के साथ नमाज अता की गईं। बच्चों ने घरों में रहकर भी ईद की खुशियां मनाई।
अमीरनगर। ईद उलेमा ने मस्जिदों से ऐलान कर दिया था। इसके तहत लोगों ने गाइड लाइन का पालन कर नमाज अता की। इस दौरान कोरोना वायरस के खात्मे की दुआएं मांगीं।
- मौलाना अब्दुल रकीब, इमाम ईदगाह रसूलपुर