Lakhimpur Kheri : जिला पंचायत अध्यक्ष : भाजपा में अभी मंथन, सपा ने उतारा प्रत्याशी

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚
72 वार्ड की जिला पंचायत में बहुमत के लिए चाहिए 36 सदस्यों का साथ
सपा ने विधायक की करीबी को बनाया उम्मीदवार, 32 सदस्यों के साथ का दावा
लखीमपुर खीरी। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मुख्य विपक्षी पार्टी समाजवादी पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है, वहीं भाजपा अभी मंथन में जुटी है। पार्टी के बागियों और आपसी गुटबाजी की वजह से 72 में महज सात सीटें हासिल करने वाली भाजपा अभी चेहरों की तलाश में है। सपा जिलाध्यक्ष का दावा है कि उनके पास 32 सदस्यों का समर्थन है।
जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर काबिज होने के लिए भाजपा व सपा में सरगर्मी तेज हो गई है। पंचायत चुनाव में बड़ी पार्टी बनकर (14 सदस्य) उभरी सपा ने पूर्व कस्ता विधायक सुनील लाला की बहू अंजली को उम्मीदवार बनाया है। सपाई निर्दलियों को साधने में भी लगे हैं। वहीं, भाजपा में अध्यक्ष पद के लिए चेहरा तलाशा जा रहा है। इसको लेकर उम्मीदवार अपने आकाओं की गणेश परिक्रमा करने में लगे हैं।

अध्यक्ष पद पर अपना सदस्य बैठाने के लिए अंदरखाने गुटबाजी भी चल रही है। इन सबको लेकर निर्णायक मंडल चेहरे की तलाश को लेकर बेहद असमंजस में है। पार्टी की आंतरिक गुटबाजी के कारण ही भाजपा को 72 में सात सीटें मिली थीं, जबकि उनकी पार्टी के पांच बागी चुनाव जीत गए थे।
बताते हैं कि गुटबाजी की वजह से ही सत्ता में होने के बावजूद भाजपा अब तक अध्यक्ष के लिए उम्मीदवार का चयन नहीं कर पा रही है। हालांकि पार्टी के लोगों का यह भी कहना है कि हाईकमान को संभावित उम्मीदवारों की सूची भेज दी गई है। अब सिर्फ फाइनल उम्मीदवार को हरी झंडी मिलना बाकी है।
बहुमत पाने के लिए साधे जा रहे निर्दलीय
जिला पंचायत में 72 वार्ड हैं। बहुमत के लिए आधे से एक अधिक सदस्य चाहिए। मगर बांकेगंज के एक जिला पंचायत सदस्य की मौत हो जाने से अब 36 सदस्यों की ही जरूरत है, जबकि पंचायत चुनाव में भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस, आप एवं अपना दल ने प्रत्याशी उतारकर पूरी ताकत लगा दी। इसमें सपा के 14, बसपा के नौ, भाजपा के सात, भाजपा के बागी पांच, अपना दल का एक और 36 सदस्य निर्दलीय प्रत्याशी जीते हैं।

जिला पंचायत में स्थिति
निर्दलीय- 36
सपा-14
भाजपा-12 (पांच बागी)
बसपा- नौ
अपना दल- एक
पार्टी सदैव ऐन वक्त पर उम्मीदवार घोषित करती है। इसकी घोषणा प्रदेश नेतृत्व को करनी है। पिछली बार की तरह इस बार भी जिला पंचायत अध्यक्ष भाजपा का ही होगा।
- सुनील सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा
हम सबसे बड़ी पार्टी हैं। हमारे पास 32 उम्मीदवार हैं। ज्यादातर निर्दलीय प्रत्याशी सपा से जुड़े हुए हैं, वह हमें ही समर्थन देंगे। हमारा जिला पंचायत अध्यक्ष होगा। हमने अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है।
- रामपाल यादव, जिलाध्यक्ष सपा

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !