लखीमपुर: बुधवार को आंधी के साथ हुई बारिश से कहीं नुकसान हुआ तो कहीं फायदा हुआ। आंधी के साथ हुई बारिश से गन्ने की फसल को तो फायदा हुआ लेकिन, आम की फसल को नुकसान पहुंचा है। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई। आंधी आने से कई जगह पेड़ गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित रही। मोहम्मदी क्षेत्र में कच्ची दीवार गिरने से मां बेटी घायल हो गईं। तेज आंधी पानी में नेपाल के कैलाली क्षेत्र में घर के ऊपर पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। कई घरों पर पड़ा टीन शेड उड़ गया। पलियाकलां: बुधवार की शाम को पहले तेज आंधी आई और उसके बाद बारिश भी होने लगी। करीब एक घंटे तक हुई बारिश से गर्मी से राहत मिली है। रात में फिर दोबारा बारिश हुई जिससे गन्ने की फसल की पर्याप्त सिचाई हो गई।
भीरा: वर्षा से तपती गर्मी से लोगों ने चैन की सांस ली है। बारिश से सिचाई होने से किसानों के चेहरे भी खिले नजर आए। बारिश रुक-रुककर लगभग दो घंटे तक होती रही।
खजुरिया: बुधवार की शाम हुई तेज बारिश से किसानों को फायदा हुआ है। सब्जी की खेती करने वाले किसानों को कुछ नुकसान हुआ है।
गौरीफंटा: बुधवार शाम आई तेज आंधी पानी में कैलाली के टीकापुर में घर के ऊपर पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। कई घरों पर पड़ा टीन शेड उड़ गया। विद्युत पोल गिरने से कैलाली क्षेत्र की विद्युत सेवा 14 घंटे तक अवरुद्ध रही। तेज हवा पानी के बीच घर के उपर पेड़ गिरने से टीकापुर निवासी देउकला (40) की मृत्यु हो गई। इसी तरह से घोड़ाघोड़ी नगरपालिका निवासी कलक बहादुर रोकया के घर पर बिजली गिरने से घर की बिजली की वायरिग नष्ट हो गई।
मोहम्मदी: मोहम्मदी गुलौली मार्ग पर पेड़ गिरने से काफी समय तक यातायात प्रभावित रहा। बिजली विभाग ने बताया कि ग्राम मगरेना में बिजली के पोल टूटने से बिजली आपूर्ति ठप रही। इसके अलावा ग्राम बिलहरा और गुलरिया के पास लाइन पर पेड़ गिरने से भी काफी समय तक बिजली आपूर्ति ठप रही। बिजली कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर पेड़ों को हटवाया। जेई ने बताया कि मोहम्मदी के नौ फीडर राजापुर उप केंद्र के पांच फीडरों पर हर जगह बिजली आपूर्ति पेड़ गिरने से प्रभावित हुई।
बेहजम: क्षेत्र में मूसलाधार बारिश से गेहूं खरीद केंद्रों पर सैकड़ों क्विटल गेहूं बारिश से भीग गया। तेज हवाओं के चलने से आम की फसल में किसानों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है।
ममरी: एक हफ्ते में दो बार आंधी के साथ हुई तेज बारिश से ग्रामीणों को फायदा कम नुकसान ज्यादा हुआ है। कुछ ग्रामीणों का अभी गेहूं और भूसा नहीं उठ पाया था। बरसात के चलते इसे नुकसान पहुंचा है।