पत्नी, दो पुत्रों और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप मृतक के भाई ने दी तहरीर, पुलिस ने किया इनकार
पलियाकलां। मोहल्ला ढाकिन शहरी में एक प्लाट में युवक का शव संदिग्ध हालात में फंदे पर लटकता मिला है। मृतक के भाई ने मृतक की पत्नी, दो पुत्रों और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने इससे इनकार किया है।
मोहल्ला निवासी बैजनाथ के 40 वर्षीय पुत्र राजकुमार उर्फ राजू का पास के खाली प्लाट में सरिया में लगाए फंदे से शव लटका मिला है। सूचना पर इंस्पेक्टर सुनील कुमार पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मृतक के पैर जमीन छू रहे थे, जिससे लोग फांसी को संदिग्ध मान रहे हैं। उधर, मृतक की पत्नी पूनम ने बताया कि उसका पति आए दिन उससे मारपीट करता था। रविवार रात भी वह नशे में घर पहुंचा था और मारपीट की थी। उसके भाई ने आकर बचाया और यूपी 112 को फोन भी किया, लेकिन तब पति भाग गया था। सुबह फंदे पर लटके होने की सूचना मिली।
इस मामले में मृतक के भाई रोहित ने पुलिस को तहरीर दी है, जिसमें राजू की पत्नी पूनम, उसके दो पुत्र धनराज व प्रवीण के अलावा ससुराल पक्ष के बादशाह और राजेश पर हत्या का आरोप लगाया है। रोहित का कहना है कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटकाया गया है। इसका प्रमाण मौके पर मृतक के पैर जमीन पर छूना हैं। रोहित ने बताया कि उसका भाई दो साल से बाहर काम कर रहा है। वह पांच दिन पहले ही घर लौटा था। इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले का पता चल सकेगा। प्रथम दृट्या फांसी लगाना ही प्रतीत हो रहा है। मामले में अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है।
संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिला अधेड़ का शव
पलियाकलां। शहर के मोहल्ला किसान द्वितीय निवासी प्रहलाद का 55 वर्षीय पुत्र रामसरन का पलिया-निघासन रोड पर रानीपुरवा गांव के पास एक खेत में शव बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों के मुताबिक रविवार की शाम चार बजे रामसरन घर से पल्लेदारी का काम करने के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक नहीं लौटे। परिजनों ने बताया कि उन्हें लगा कि वह सुबह तक घर आ जाएंगे, जिसके बाद सुबह पुलिस व अन्य लोगों द्वारा फोटो दिखाने पर उनकी मौत होने का पता चला। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उधर रोड किनारे खेत में शव मिलने के बाद भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा रही। संवाद