![]() |
ग्रामीणों का आरोप, प्रशासन ने कटान रोकने के नहीं किए प्रयास, न मिली मदद
महेवागंज। बुधवार को शारदा नदी का उफान कम होने के बाद ग्रंट 12, मंझरी अहिराना में बाढ़ के पानी ने कटान करना शुरू कर दिया है, जिससे पांच घर नदी में समा गए।
बनबसा बैराज से चार दिन पहले पानी छोड़ा गया था, जिसकी वजह से अचानक उफनाई नदी के पानी से मंगलीपुरवा, खगईपुरवा, कुचिलहा, जंगल 11, नरहर, चकलुआ, गोपालपुरवा, बसहा, मेहंदी, इच्छारामपुरवा, गूम, बेड़हासुतिया, बसहा और पिपरागुम समेत दो दर्जन गांव टापू बन गए थे। वहीं दूसरी ओर ग्रंट 12, अहिराना मंझरी में नदी पहले ही भू कटान कर रही थी।
बुधवार को बाढ़ का पानी घटते ही कटान ने जोर पकड़ लिया। ग्रामीणों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में अवधेश, लालू, धर्म देव, गणेश, अकलेश और मुन्ना के घर नदी में समा गए। ग्रामीणों का आरोप है कि न तो उन्हें कोई सहायता मिली और न ही प्रशासन की तरफ से कटान रोकने के कोई प्रयास किये गए हैं।
Share to other apps
Copy Post Link
