सुरक्षा रहेगी आप के हाथ, 600 से ज्यादा केस होते ही फिर लागू होगा कोरोना कर्फ्यू
सुबह सात से शाम सात बजे तक बाजार खुलने के निर्णय Delhi व्यापारियों में खुशी
जिला प्रशासन की कोरोना प्रोटोकाल का पालन करने की अपील, ताकी फिर बंद न हो बाजार लखीमपुर खीरी। जिले में 600 से कम केस होने पर डीएम ने एक महीन के बाद आज से बाजार खोलने की अनुमति दे दी है। बाजार सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक खुलेंगे। शुक्रवार शाम सात बजे से सोमवार सुबह सात बजे तक कोरोना कर्फ्यू जारी रहेगा। उनका कहना है कि संक्रमितों की संख्या कम होने पर ढील दी जा रही है। यदि लोगों ने लापरवाही बरती और केस बढ़े तो बाजार फिर से बंद करा दिया जाएगा।कोरोना, पिछले एक साल से तबाही मचाए है। इस कारण 2020 में तीन माह का लॉकडाउन रहा था। हालात सामान्य होने पर अनलॉक की स्थिति आई। मगर मार्च के बाद फिर से कोरोना की दूसरी लहर ने कहर बरपाना शुरू कर दिया। इसकी बढ़ती रफ्तार थामने के लिए प्रदेश सरकार ने पहले दो दिन के कर्फ्यू का ऐलान किया। संक्रमण की गति बढ़ने के साथ कर्फ्यू भी दिन पर दिन बढ़ता गया। हालांकि पिछले कुछ दिनों से राहत है।
अब जिला प्रशासन ने बुधवार से छूट देकर सुबह सात से शाम सात बजे तक बाजार खुलवाने का मन बनाया है। प्रशासन के इस निर्णय से व्यापारी खुश हैं। कारोबारियों का कहना है कि बाजार खुलने से अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। छोटे से लेकर बड़े दुकानदारों को रोजी रोटी का जरिया मिलेगा।
पिछले कुछ दिनों से संक्रमितों की संख्या बेहद कम है। इसलिए कर्फ्यू में ढील देकर सुबह सात से शाम सात बजे तक बाजार खोलने की अनुमति दी जा रही है। जिले का हर नागरिक और व्यापारी अपनी जिम्मेदारी समझें, जिससे बाजार को फिर से बदं कराने की नौबत न आए। - शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम
सभी रखें ख्याल, दुकानों पर अनावश्यक भीड़ भाड़ न हो
जिला प्रशासन ने कर्फ्यू में ढील देने के लिए बेहद सख्त रुख अपनाया हुआ है। जिले के जिम्मेदारों का कहना है कि संक्रमण कम हुआ है। इसलिए ढील दी जा रही है, जिससे आम आदमी से लेकर व्यापारियों को राहत मिले। बाजार से लेकर दुकानों पर अनावश्यक भीड़ भाड़ न हो। इसका ख्याल व्यापारियों से लेकर आम आदमी को भी रखना होगा। जिला प्रशासन की चेतावनी है कि यदि संक्रमण की संख्या बढ़ी तो कर्फ्यू में दी गई ढील वापस ले ली जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी जनपद के लोगों की ही होगी।बोले व्यापारी, सब समझें अपनी जिम्मेदारी
ढील मिलने से कारोबार को गति मिलेगी। इस दौरान दुकानदारों से लेकर आम आदमी को अपनी जिम्मेदारी समझकर कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। ग्राहकों के साथ स्वयं दो गज की दूरी और मास्क है जरूरी नियम का पालन करें। - संजय अग्रवाल, जिलाध्यक्ष उत्तर प्रदेश उधोग व्यापार प्रतिनिधि मंडल
सभी व्यापारी जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। दुुकानों पर अनावश्यक भीड़ न लगने दें। मास्क लगवाने वाले ग्राहकों को ही सामान दें। प्रयास करें कि फिर से संक्रमण रफ्तार न पकड़ने पाए, जिससे बाजार बंद होने की नौबत आए। - अजय गोयल, जिलाध्यक्ष केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन
कोरोना के कारण पूरे साल कारोबार चौपट रहा। पिछले साल तीन माह और इस साल एक माह दुकान बंद रही। सब दुकानदार भाई इस बात का संकल्प कर लें कि ग्राहकों से दो गज की दूरी और मास्क है जरूरी का नियम का पालन कराएंगे। - मुन्ना, जूता चप्पल व्यापारी
एक माह की बंदी ने कारोबार चौपट करके रख दिया। इसलिए शासन ने जिन नियमों के साथ छूट दी है उसका ईमानदारी से पालन करें, जिससे फिर से बाजार बंद होने की नौबत ही न बनें। सभी लोग कोविड प्रोटोकॉल का पालन कर दूसरों से भी कराएं। - गोपाल जी पुरी, अध्यक्ष शू डीलर एसोसिएशन