भाजपा के ओमप्रकाश भार्गव नए जिला पंचायत अध्यक्ष

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚

लगातार दूसरी बार भाजपा का अध्यक्ष, भाजपा को 38, सपा को 31 वोट मिले, तीन वोट निकले अमान्य

लखीमपुर खीरी। भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश भार्गव नए जिलाध्यक्ष चुने गए हैं। उन्होंने 38 वोट हासिल कर सपा की अंजलि भार्गव को सात मतों से हराया। सपा को कुल 31 वोट मिले हैं। तीन वोट अमान्य रहे। सपा का दावा है कि तीनों अमान्य वोट उनके पक्ष के थे।

जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूर्वाह्न 11 बजे से कलक्ट्रेट स्थित डीएम कोर्ट में मतदान कराया गया। सपा प्रत्याशी अंजलि भार्गव अपनी सास और जिला पंचायत सदस्य सुशीला के साथ मतदान करने पहुंचीं। सबसे पहले भाजपा प्रत्याशी ओम प्रकाश भार्गव ने मतदान किया और फिर अंजलि भार्गव ने।

भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में वोट करने वाले जिला पंचायत सदस्यों को बस में कलक्ट्रेट के पूरब गेट पर लाया गया, जहां से उन्हें मतदान स्थल पर भेजा गया। इसके कुछ देर बाद सपा के सदस्य गाड़ियों के जरिए लाए गए। 11 बजे से मतदान शुरू होने के बाद करीब 2:15 बजे तक मतदान चला, जिसमें 72 सदस्यों ने मतदान किया। तीन बजे से वोटों की गिनती शुरू हुई। परिणाम घोषित होने से पहले ही सपा प्रत्याशी अंजलि भार्गव मतगणना कक्ष से बाहर निकल गईं, जबकि ओमप्रकाश भार्गव डटे रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार चौरसिया ने परिणाम घोषित करते हुए बताया कि भाजपा प्रत्याशी ओमप्रकाश भार्गव 38 मत पाकर विजयी हुए हैं, जबकि प्रतिद्वंद्वी अंजली भार्गव को 31 मत मिले हैं। तीन मत अवैध घोषित किए गए हैं। इसके बाद डीएम ने अध्यक्ष पद पर निर्वाचित ओमप्रकाश भार्गव को प्रमाण पत्र दिया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा के खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, विधायक व सांसद समेत कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे। वहीं सपा प्रत्याशी की हार से सपा के समर्थक मायूस होकर लौट गए।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !