भीरा रोड रेल क्रॉसिंग पर ट्रक पलटने से घंटों लगा जाम
मैलानी। भीरा रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर डाली गई मिट्टी में गन्ना भरा ट्रक पलट जाने से बृहस्पतिवार को सड़क पर दिनभर जाम लगा रहा। यहां बता दें कि बीते चार दिनों में लगातार दिनभर जाम की स्थिति बने रहने से लोग अब आजिज आ चुके हैं।
बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे क्रॉसिंग से गुजरते समय मिट्टी में पहिए धंस जाने से गन्ना भरा ट्रक पलट गया, जिससे वाहनों का आवागमन ठप हो गया। पलटे ट्रक का गन्ना खाली करके उसे मौके से हटाया गया तो गन्ना भरे ट्रैक्टर ट्रॉली निकालते समय ट्रैक्टर के अगले पहिए हवा में उठ गए। बाद में दो ट्रैक्टरों को जोड़कर उसे क्रॉसिंग से निकाला जा सका।
इसके बाद दो बसें निकली ही थीं कि एक लोडेड ट्रक फिर मिट्टी में जाकर फंस गया और पुन: आवागमन बाधित हो गया। यहां बता दें कि 21 मार्च को भी इसी मिट्टी में एक ट्रक और ट्रैक्टर ट्रॉली फंसने घंटों आवागमन बाधित रहा था। वहीं 23 मार्च को दो ट्रकों के फंसने से घंटों आवागमन ठप रहा था। चार दिनों में तीसरी बार भीरा रोड पर जाम लगा है। समाचार लिखे जाने तक शाम सात बजे तक जाम लगा हुआ था
पहिया पंक्चर होने से गन्ना भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी
भीखमपुर। मोहम्मदी लखीमपुर मार्ग पर पहिया पंचर होने से ट्रैक्टर और उसमें जुड़ी गन्ना लदी दो ट्रॉलियां बेकाबू होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गईं।
बृहस्पतिवार की दोपहर गांव धुमरा निवासी अशोक कुमार का 26 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार ट्रैक्टर में गन्ना भरीं दो ट्रॉलियां जोड़कर कुंभी चीनी मिल गन्ना बेचने जा रहा था। कस्बे में पुलिस पिकेट के पास ट्रैक्टर का पहिया पंक्चर हो गया। इससे बेकाबू ट्रैक्टर ट्रालियां सड़क किनारे खाईं में गिर गईं। गनीमत रही की चालक शिवम बाल-बाल बच गया। संवाद
