अवैध शराब मामले में एसओ सिंगाही लाइन हाजिर, महिला समेत तीन पर मुकदमा

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚
अवैध शराब मामले में एसओ सिंगाही लाइन हाजिर, महिला समेत तीन पर मुकदमा दर्ज
लखीमपुर खीरी। निघासन क्षेत्र के सिंगाही थाने के एक गांव में अवैध शराब की बिक्री का विडियो वायरल होने और उसकी शिकायत पर एसओ द्वारा शिकायतकर्ता को धमकाने के मामले की ख़बर छपने के बाद एसपी विजय ढुल ने एसओ सिंगाही प्रदीप सिंह को लाइन हाजिर किया है, जबकि तीन अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

सोशल मीडिया पर अवैध शराब की बिक्री का वीडियो वायरल होने और उसका विडियो बनाने वाले शिकायतकर्ता को एसओ प्रदीप सिंह द्वारा धमकाने का मामले का आईजी लक्ष्मी सिंह ने संज्ञान लिया था, जिस पर सोमवार को एसपी विजय ढुल ने क्षेत्र का दौरा कर शिक़ायतकर्ता के बयान दर्ज करवाये थे। मामले की जांच निघासन सीओ को सौंपी थी।

मंगलवार को अमर उजाला में ख़बर प्रकाशित होने के बाद पुलिस ने एसओ प्रदीप सिंह को लाइन हाजिर कर वायरल विडियो में दिख रहे ग्राम निबोरिया मजरा प्रेमनगर निवासी सुआलली पत्नी लालता प्रसाद और मंजीत सिंह उर्फ लड्डू निवासी दलराजपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मंजीत सिंह को 50 लीटर अवैध शराब, यूरिया एवं शराब बनाने के उपकरण समेत महिला सुआलली को भी गिरफ्तार किया गया है। यही नहीं सिंगाही थाना क्षेत्र के युवक देवेंद्र सिंह पुत्र कुलवंत सिंह निवासी बंजरिया फार्म निबौरिया की तहरीर पर ग्राम निबौरिया के पूर्व प्रधान वीरेंद्र वर्मा के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया गया है।
शिकायतकर्ता देवेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 16 मार्च को उसने प्रेमनगर मजरा निबौरिया में एक घर में अवैध रूप से बोरियों में भरकर आई अवैध शराब का विडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। युवक देवेंद्र का आरोप था, कि मामले में गांव के पूर्व प्रधान ने ऐतराज जताते हुए उसे पुलिस से झूठा केस लगाकर फंसा देने की बात कही। युवक का कहना है कि मामले में जब वह सिंगाही एसओ प्रदीप सिंह के पास पहुंचा तो उन्होंने उलटा उसे ही धमकाना शुरू कर दिया और कहा था कि वह कौन है और उसने ऐसा विडियो क्यों बनाया। मामले की जांच निघासन सीओ कर रहे थे।
एसओ सिंगाही प्रदीप सिंह द्वारा अवैध कच्ची शराब की बिक्री का स्थान स्पष्ट होने के बावजूद अभियुक्तों की पहचान न कर मामले में उदासीनता और शिकायतकर्ता के साथ उचित व्यवहार न करने के कारण लाइन हाजिर कर पुलिस लाइन भेजा गया है, जबकि पूर्व प्रधान समेत विडियो में दिख रही महिला और युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !