नई दिल्ली: छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सली हमले के बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक कुलदीप सिंह का बयान सामने आया है। सिंह नक्सल हमले के बाद स्थिति पर नजर रखने के लिए छत्तीसगढ़ में हैं। उन्होंने रविवार को कहा कि ऑपरेशन में किसी भी तरह की खुफिया या परिचालन की विफलता नहीं थी। न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कुलदीप सिंह ने कहा, एन्काउंटर में लगभग 25-30 नक्सलियों को भी मार दिया गया है। हालांकि सटीक संख्या का पता नहीं चल पाया है।
सिंह ने कहा, यह कहने में कोई गुरेज नहीं है कि किसी तरह की खुफिया जानकारी या ऑपरेशनल विफलता थी। अगर यह कुछ खुफिया विफलता थी, तो ऑपरेशन के लिए सेना नहीं जाती और अगर कुछ ऑपरेशनल विफलता होती, तो इतने नक्सली मारे नहीं जाते।
उन्होंने कहा कि अभी ऑपरेशन में मारे गए नक्सलियों की सटीक संख्या कहना कठिन है, लेकिन यह 25-30 से कम नहीं होना चाहिए। सिंह ने कहा कि वह ऑपरेशन में घायल हुए जवानों से मिलेंगे। हमले में लगभग 7 सीआरपीएफ कर्मी शहीद हुए हैं। डीजी ने कहा, मैं कल नक्सलियों से लड़ने वाले बहादुर जवानों से मिलूंगा।
इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने आवास पर बीजापुर मुठभेड़ पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक शीर्ष स्तर की बैठक की। गृह सचिव अजय भल्ला, निदेशक आईबी अरविंद कुमार और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। छत्तीसगढ़ के बीजापुर नक्सल हमले में शनिवार को कम से कम 22 सुरक्षाकर्मियों की जान चली गई।
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक कमलोचन कश्यप ने कहा, "छत्तीसगढ़ के सुकमा-बीजापुर में नक्सली हमले में 22 सुरक्षाकर्मियों की जान चली गई है।" छत्तीसगढ़ पुलिस ने बताया कि शनिवार को बीजापुर में हुई मुठभेड़ में लगभग 31 घायल हो गए।