थाना क्षेत्र के वनटुकरा मजरा बेलागढ़ी में सोमवार की सुबह करीब 10 बजे सुरेश पुत्र प्राणनाथ के घर मे अचानक आग लग गयी। जब तक घर के लोग कुछ समझ पाते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें देख बड़ी संख्या में ग्रामीण दौड़े और आग को काबू करने की कोशिश की। तेज हवाओं के कारण आग बेकाबू हो गई। आग ने गांव के ही रामनरेश, प्रमोद, सलाफी, बेलास, लचक्षीराम, सुरजलाल, पेशकार समेत 17 लोगों के घरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उक्त घरों में लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गई। अग्निशमन की गाड़ी व ईसानगर पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल मनीष वर्मा ने आग से हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तहसीलदार को भेज दी है।
-
स्पार्किंग से लगी आग, सात किसानों का दस एकड़ गेहूं जला
गुलरिया। भीरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मालपुर में गेहूं के खेतों में तारों से स्पार्किंग होकर निकली चिंगारी से दस एकड गेहूं की फसल जल गई।
मालपुर निवासी मुकेश कुमार के खेत से बिजली की हाईटेंशन लाइन निकली हुई है। सोमवार को दिन के एक बजे ढीले तारों के आपस में टकरा जाने से स्पार्किंग होकर चिंगारी निकलकर खेत में खड़ी गेहूं की फसल पर गिर गई। गेहूं की फसल सूखी होने की वजह से तेजी से जलने लगी। जब तक गांव वाले लोगों को पता चला और खेतों में पहुंचे तब तक निवर्तमान प्रधान श्रवण कुमार मिश्रा का एक एकड़, मुकेश कुमार का दो एकड़, प्रदीप कुमार का दो एकड़, पुनईलाल डेढ़ एकड़, दीनबंधु डेढ़ एकड़ सहित पड़ोसियों के एक दो बीघा मिलाकर दस एकड़ की फसल जल गई।
लोगों ने खेतों में ट्रैक्टर से जुताई कर आग को फैलने से रोका। ग्रामीणों ने बिजली विभाग को सूचना देकर लाइन बंद कराई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई।
-
खुले आसमान के नीचे रहने को विवश अग्निपीड़ित
मूड़ासवारान। तहसील गोला क्षेत्र के गांव देवरिया अलीगंज में रविवार की शाम को लगी आग से करीब 150 घर जलने के मामले में सोमवार को गोला विधायक अरविंद गिरि, पूर्व विधायक विनय तिवारी, हिंदू युवा वाहिनी जिला प्रभारी विपिन मिश्रा, राजा अंसार अहमद खां, संजय सिंह आदि गांव पहुंचे और अग्निपीड़ितों को ढांढस बंधाया। एसडीएम अखिलेश यादव के दिशा निर्देश में राजस्व टीम ने अग्नि पीड़ितों की हुई हानि के ब्यौरे की सूची तैयार की। समाजसेवियों ने अग्निपीड़ितों के लिए खाने की व्यवस्था की।