Lakhimpur Kheri (Gola Gokarannath) : कल से छह मई तक सुबह 10 से शाम चार बजे तक खुलेंगी दुकानें

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚
गोला गोकर्णनाथ। मंगलवार को संयुक्त व्यापार मंडल की कोरोना महामारी के मद्देनजर हुई बैठक में सर्वसम्मति से 29 अप्रैल से छह मई तक सुबह 10 से शाम चार बजे तक दुकानें खोलने का निर्णय लिया गया।
मंगलवार को एक सराफा प्रतिष्ठान पर गोला व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय कुमार माहेश्वरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नगर के व्यापार की समय सीमा 29 अप्रैल से छह मई तक सुबह 10 से सायं चार बजे की जाए। आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर मेडिकल स्टोर, दूध, फल, सब्जी को समय सीमा से मुक्त रखा गया है। इसके अलावा आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों से प्रथम बार में 1000 रुपये, दूसरी बार में 2000 रुपये जुर्माना लिया जाएगा, जो सरकार के कोविड फंड में जमा किया जाएगा।

सरकार द्वारा घोषित शनिवार, रविवार को कोरोना कर्फ्यू का पालन किया जाएगा । बैठक में कैलाशचंद गुप्ता, बालकृष्ण गुप्ता, गोपाल कृष्ण शुक्ल, पंकज हालन, जितेंद्र गट्टानी, राममोहन सोनी, विनोद स्वर्णकार, प्रवीण गुप्ता, राजेश आनंद, विनोद मिश्र, विनोद गुप्त, शिव कुमार सोनी, आनंद सोनी आदि मौजूद रहे। बैठक के अंत में उप्र उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष पंडित श्यामबिहारी मिश्र, नगर के व्यापारी, आम जनों के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रख कर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।

नगर पालिका में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के निधन पर शोक
नगर पालिका परिषद सभागार में अधिशासी अधिकारी प्रदीप नारायण दीक्षित की मौजूदगी में नगर पालिका के अधिकारियों कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त लिपिक रामेंद्र कुमार गुप्त और रामचंद्र के निधन पर शोक व्यक्त कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से कामना की। 

अमीरनगर के व्यापारी बिना मास्क वाले ग्राहक को नहीं बेचेंगे सामान
अमीरनगर। कोरोना संक्रमण के बावजूद बाजार में लोगों की लापरवाही कम नहीं हो रही। जिसके मद्देनजर कस्बे के व्यापारियों ने निर्णय लिया है कि जो ग्राहक बिना मास्क लगाकर सामान खरीदने के लिए मार्केट में आएगा उसके हाथ सामान नहीं बेचा जाएगा।

व्यापारियों का कहना है कि जब लोगों की लापरवाही इतना सब होने के बाद भी कम नहीं हो रही तो ऐसे में व्यापारियों को ही इस तरह के निर्णय लेने होंगे। कसबे के व्यापारी जागरूकता का परिचय देते हुए पूरी दुकान सैनिटाइज करने के बाद ही दुकानदारी कर रहे हैं।

पेस्टिसाइड व्यापारी मिर्जा हसीन बेग कहना है कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए उसी ग्राहक को सामान दिया जाएगा जो मास्क लगाएगा और सामाजिक दूरी का पालन करेगा।

फुटवियर व्यापारी जीशान बेग का कहना है यह लापरवाही का समय नहीं है अब बिना मास्क वाले ग्राहक को सामान नहीं बेचा जाएगा।

कॉपी, किताब के व्यापारी मोहम्मद साकिब खां का कहना है बिना मास्क वाले लापरवाह ग्राहकों को सामान न देकर सबक सिखाना जरूरी है।

किराना व्यापारी पप्पू रस्तोगी का कहना है मास्क लगाकर आने वाले ग्राहकों को ही सामान देंगे। जब लोगों की लापरवाही कम नहीं हो रही तो ऐसे में व्यापारियों को इस तरह के निर्णय लेने ही होंगे।

संसारपुर में व्यापारियों ने स्वेच्छा से बंद कीं दुकानें
संसारपुर। बढ़ते कोरोना संक्रमण और कसबे में हुई कई मौतों से संसारपुर बाजार में कई व्यापारियों ने अपनी दुकानें स्वेच्छा से बंद कर दी हैं। मंगलवार को यहां बाजार में दिन भर सन्नाटा पसरा रहा। दवा और किराना व्यापारियों के यहां ही थोड़ी भीड़ दिखाई दी, वहां पर भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कड़ाई से कराया गया। व्यापारियों ने अपील की है कि जो भी बाजार आए मास्क लगाकर ही आए। संवाद

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !