Lakhimpur Kheri :कोरोना संक्रमण काल में बच्चों का रखें विशेष ख्याल

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚
लखीमपुर खीरी। कोरोना ने फिर से तेजी के साथ पांव पसारने शुरू कर दिए हैैं। इसलिए बच्चों को लेकर बेहद सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि कोरोना संक्रमण काल में जरा सी भी लापरवाही बच्चों के लिए मुसीबत बन सकती है। बच्चे के बीमार होने पर बिना देर किए डॉक्टर को दिखाएं अपने आप इलाज बिल्कुल न करें।

बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण काल में बच्चों पर बहुत ध्यान देने की जरूरत है। बच्चों पर नजर रखें, उन्हें घर से बाहर न निकलने दें। बच्चों में करीब 40 सेकेंड तक साबुन एवं पानी से हाथ धोने की आदत डालें। साथ ही मास्क लगाने और दो गज की सामाजिक दूरी का पालन करने की प्रेरणा दें।

उन्होंने बताया कि इस बात का विशेष ध्यान रखें कि यदि घर में बाहर से कोई आता है तो उसका बच्चों से सीधा संपर्क न हो। घर के लोग भी स्नान आदि करने के बाद ही बच्चों से मिलें। बच्चों के खान पान पर विशेष ध्यान दें। घर में बना ताजा एवं पौष्टिक भोजन कराएं। खाने में ऐसी चीजें दें, जिसमें विटामिन सी सहित पर्याप्त मात्रा में पौष्टिक तत्व हों, जिससे उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत हो। इस मौसम में ठंडा पानी, आईसक्रीम, कोल्ड ड्रिंक एवं ठंडे खाद्य पदार्थ बच्चों को खाने के लिए न दें। घर में यदि को बीमार हो तो उससे बच्चों को दूर रखें।
.......
बीमार होने पर न बरतें लापरवाही
बाल रोग विशेषज्ञ राजेश कुमार का कहना है कि बच्चे को यदि बुखार, छाती में संक्रमण, पेट में ऐंठन, आंखों में लालिमा, जोड़ो में दर्द, डायरिया जैसे लक्षण दिखाई दें तो बिना लापरवाही किए बच्चे को अस्पताल लाकर दिखाएं, जिससे कि उसकी जांच कराकर इलाज किया जा सके। सर्दी, जुकाम, बुखार आने पर स्वयं चिकित्सक बनकर दवा न दें। बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने के लिए पौष्टिक खाना, फल एवं जूस दें। बुखार तेज होने पर माथे पर कपड़ा गीला करके पट्टी रखें और शरीर पोंछे । यदि बच्चा स्तनपान करता है तो मां को चाहिए कि मास्क लगाकर दूध पिलाएं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !