लखीमपुर खीरी। मंगलवार को जिले भर में हनुमान जयंती सादगी के साथ मनाई गई। कोरोना के कारण इस बार मंदिरों में सामूहिक आयोजन नहीं हुए। इससे मंदिरों से लेकर सड़कों तक सन्नाटा पसरा रहा। पुजारियों ने विधिवत मंदिरों में पूजा अर्चना कर हनुमान जी को भोग लगाया। मंदिर में पहुंचे भक्तों ने सामाजिक दूरी का पालन कर पूजन कर प्रसाद चढ़ाया। उधर, मंदिरों में दो गज की दूरी का पालन करते हुए सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा के पाठ हुए।
मंगलवार को हनुमान जयंती थी। मगर, कोरोना के कारण इस बार मंदिरों से लेकर सड़कों तक सन्नाटा रहा। जबकि पिछले सालों में पैदल यात्रा निकलती थी। शहर में जगह जगह पर शर्बत एवं हलुवा पूड़ी का वितरण होता था। मगर, इस बार ऐसा नहीं हुआ। संकटा देवी मंदिर के पुजारी मदन शुक्ला ने बताया कि कोरोना के कारण सामूहिक आयोजनों पर पाबंदी थी। रोजाना की तरह मंगलवार को हनुमान जी का पूजन और आरती कर भोग लगाया। वहीं गिनती के आए भक्तों ने सामाजिक दूूरी का पालन करते हुए पूजन किया।
बालाजी मंदिर में हुई मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा
गुलरिया। पड़रिया तुला स्थित बालाजी मंदिर में मंगलवार को हनुमान जन्मोत्सव पर हनुमान जी की नई मूर्ति स्थापित कर उसकी विधि विधान से प्राण प्रतिष्ठा की। इस दौरान हवन पूजन किया गया। अमित मिश्र, नीरज कुमार, विश्वजीत, देवेंद्र कुमार भारद्वाज आदि ने कोविड-19 का पालन करते हुए आयोजन कराया। मंदिर में बिना मास्क या अन्य सुरक्षा उपकरणों को पहने किसी को भी मंदिर में प्रवेश नहीं करने दिया। संवाद
Lakhimpur Kheri : कोरोनाकाल में सादगी के साथ मनी हनुमान जयंती
April 27, 2021