लखीमपुर खीरी। दिल्ली समेत कई बड़े शहरों में लगातार बढ़ती जा रही कोरोना संक्रमितों की संख्या ने एक बार फिर लोगों के माथे पर बल ला दिया है। दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों के बाद वहां 30 अप्रैल तक रात का कर्फ्यू लगाया गया है। मगर यहां दिल्ली से आने वाले लोगों की कोविड जांच नहीं हो रही है। जिले में हर तरफ लापरवाही बरती जा रही है। वहीं लोग न तो मास्क लगा रहे हैं और न ही दो गज दूरी का पालन ही कर रहे हैं।
जिला अस्पताल में ही टूट रहा सामाजिक दूूूरी का नियम
जिला अस्पताल में रोजाना ही खूब भीड़ होती है। न तो लोग मास्क लगाकर आते हैं और न ही सामाजिक दूरी का पालन करते हैं, जबकि अन्य प्रदेशों में बिगड़ते हालातों को देखते हुए सतर्कता जरूरी है। अस्पताल में संक्रमण फैलने की आशंका ज्यादा है।
अब भी बिना मास्क बाजार में घूम रहे लोग
कोरोना से बचने के लिए लोगों को कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके लिए चौराहों पर जागरूकता संदेश बजाए जा रहे हैं। बावजूद इसके लोग बाजार में बिना मास्क पहने घूम रहे हैं।
जाम न बन जाए मुसीबत
घर में रहकर कोरोना संक्रमण से बचा जा सकता है। मगर, लोग बेवजह घर से निकलकर शहर में घूम रहे हैं। इस कारण रोजाना शहर की सड़कों से लेकर चौराहों पर जाम की स्थिति बनती है। ऐसे में बाहर से आने वाले संक्रमित दूसरों को भी संक्रमण बांट सकते हैं। इसलिए घर में रहकर सुरक्षित रहें।
बिना मास्क सफर कर रहे मुसाफिर
कोरोना के कारण दिल्ली सहित कई राज्यों में हालात बिगड़ रहे हैं। लॉकडाउन के डर से लोगों ने पलायन करना भी शुरू कर दिया है। इसके बाद भी लोग यात्रा करने के दौरान सतर्कता नहीं बरत रहे हैं। बसों में सफर के दौरान मास्क तक लगाना उचित नहीं समझते।
- डॉ. अश्विनी कुमार, एसीएमओ