मैलानी से लखनऊ के बीच दो जोड़ी पैसेंजर, मैैलानी से गोरखपुर के बीच एक जोड़ी एक्सप्रेस, मीटरगेज खंड के मैलानी से बहराइच और नानपारा से बहराइच के बीच एक जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें चला करती थीं। रेलवे ने इससे पहले 21 अप्रैल से ट्रेन नंबर 05085 मैलानी-लखनऊ, ट्रेन नंबर 05086 लखनऊ-मैलानी, ट्रेन नंबर 05009 गोरखपुर-गोमती एक्सप्रेस और ट्रेन नंबर 05010 का संचालन 22 अप्रैल से निरस्त किया। तब से मैलानी से लखनऊ के बीच ट्रेन नंबर 05087 और 05088 एक जोड़ी पैसेंजर ट्रेन ही चल रही थी। 30 अप्रैल से रेलवे ने इस एक जोड़ी पैसेंजर सहित मैलानी से बहराइच और नानपारा से बहराइच के बीच चल रही एक-एक जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों का संचालन भी निरस्त कर दिया, जिससे आमजन परेशान हैं।
यहां पर रेलवे ही आय का मुख्य स्रोत है। अचानक सभी ट्रेनों का संचालन बंद होने की बात समझ में नहीं आ रही है। ट्रेनें चलने से कारोबार धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा था, लेकिन अब फिर कारोबार चौपट होने का डर सताने लगा है।
-सुनील गुप्ता, होटल संचालक, स्टेशन चौराहा
पहले लॉकडाउन में ट्रेनें बंद होने से कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ था। ट्रेनें चलने से दुकानदारी सही होने लगी थी, लेकिन रेलवे की ओर से एक-एक कर सभी ट्रेनें बंद होने से धंधा एक बार फिर चौपट होने का डर सताने लगा है।
-शिव कुमार, फल विक्रेता, स्टेशन चौराहा
ट्रेनें चलने से लखनऊ, बहराइच और गोरखपुर तक का सफर आसान हो गया था। अब ट्रेनें बंद हो जाने से कहीं भी बस से जाने पर पैसा अधिक खर्च होने के साथ ही कष्ट भरा सफर करने की मजबूरी होगी।
-एजाज अहमद, टेलरिंग कारोबारी
ट्रेनें बंद करने का निर्णय बिल्कुल ठीक
कोरोना का संक्रमण बड़ी तेजी से फैल रहा है। ऐसे में ट्रेनों में भीड़भाड़ की वजह से कोरोना गाइडलाइन सामाजिक दूूरी का पालन मुश्किल हो जाता है। लिहाजा ट्रेनें बंद कर रेलवे ने सही कदम उठाया है। थोड़ी परेशानी जरूर होगी, लेकिन जान की हिफाजत तो होगी और स्थिति सामान्य होने पर ट्रेनें फिर चलने लगेंगी।
-अमित अरोरा, महामंत्री व्यापार मंडल, मैलानी
पलिया रेलवे स्टेशन पर पसरा रहा सन्नाटा
पलियाकलां। मैलानी से बहराइच के लिए चल रहीं ट्रेनों का संचालन शुक्रवार से बंद कर दिया गया है। सुबह लगभग साढ़े नौ बजे पलिया स्टेशन से होकर ट्रेन बहराइच के लिए जाती है। ट्रेन बंद होने की सूचना के बाद स्टेशन पर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं शाम को बहराइच से चलकर मैलानी जाने के लिए ट्रेन स्टेशन पर पहुंची और मैलानी के लिए रवाना हो गई। स्टेशन अधीक्षक महात्तम पांडेय ने बताया कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए ट्रेनों का संचालन बंद किया गया है। बताया कि लगभग 38 गाड़ियों को निरस्त किया गया है। संवाद