Lakhimpur Kheri : कोरोना : इम्युनिटी बढ़ाने के लिए मल्टी विटामिन टेबलेट की बढ़ी मांग

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚
लखीमपुर खीरी। कोरोना की रफ्तार दिन पर दिन बढ़ रही है। इसको लेकर लोग दहशत में है। संक्रमण से बचने के लिए भले ही लोग दो गज की दूूरी और मास्क है जरूरी के नियम का पालन न कर रहे हों, लेकिन इम्युनिटी बढ़ाने के लिए मल्टी विटामिन टेबलेट का सेवन जरूर कर रहे हैं। इसके लिए मेडिकल स्टोरों पर दिन भर भीड़ लगी रहती है। कोरोना के कारण मल्टीविटामिन टेबलेट की मांग 80 गुना तक बढ़ गई है। इधर डॉक्टरों का कहना है कि बिना परामर्श इनका सेवन करना सेहत के लिए नुकसानदेह है।
कोविड संक्रमितों की संख्या में प्रतिदिन इजाफा हो रहा है। साथ ही सांस लेने में परेशानी वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। कोविड एवं जिला अस्पताल में रोजाना इनसे पीड़ित मरीज पहुंच रहे हैं। इन मरीजों की संख्या को लेकर लोग दहशत में हैं। इसको लेकर लोगों ने घर पर मेडिकल किट बनानी शुरू कर दी है। मेडिकल स्टोर से लोग सर्दी, जुकाम, बुखार की दवाओं से लेकर जिंक, बी कांप्लेक्स, जिंकोवेट, विटामिन सी के साथ शरीर की इम्युनिटी बढ़ाने वाली दवाएं खरीदकर घर ले जा रहे हैं। इसमें कुछ लोग ऐसे हैं जो मरीज के लिए दवाएं खरीदते हैं तो कुछ लोग ऐसे भी हैं जो रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाकर कोरोना को मात देने के लिए इनकी खरीदारी बिना डॉक्टर की सलाह के करते हैं। दवा विक्रेताओं का कहना है कि इस समय इन दवाओं की मांग पहले की तुलना में 80 गुना तक बढ़ गई है। खरीदार 100 से लेकर 200 गोलियों की मांग कर रहे हैं। हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि बिना परामर्श के दवाएं खाना गलत है।

दवा की जगह हरी साग सब्जी व फल खाकर बढ़ाएं इम्युनिटी
फिजीशियन डॉ. मधौरिया का कहना है कि रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए बिना सलाह दवाओं का सेवन करना गलत है। इनकी अधिकता कई अन्य रोगों को जन्म को दे सकती है। इसलिए इम्युनिटी बढ़ाने के लिए हरी साग सब्जियों एवं इनका सूप, फल एवं जूस सहित सूखे मेवे का उपयोग करें। जो शरीर को हर तरह से फायदा पहुंचाकर रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करेंगे।

इस समय मल्टीविटामिन दवाओं की मांग 80 प्रतिशत तक बढ़ गई है। लोग एक दो नहीं बल्कि 15-15, 20-20 पत्ते खरीद कर ले जा रहे हैं। महामारी के इस दौर में किसी को मांग से कम दवा दे भी नहीं सकते, क्योंकि क्या पता कौन किस मजबूरी में दवा ले रहा हो।
-सुरेश वर्मा, सुंदर मेडिकल स्टोर अस्पताल रोड

संक्रमण काल में विटामिन-सी, विटामिन-बी एवं डी के साथ जिंक, जिंकोविट, एंटीबॉयोटिक, पैरासीटामॉल के अलावा अन्य इम्युनिटी बूस्टर दवाओं की मांग दिन पर दिन बढ़ रही है। पिछले करीब दो माह से इन दवाओं की मांग 50 प्रतिशत तक बढ़ गई है।
-प्रदीप जायसवाल, जायसवाल मेडिकल स्टोर रोडवेज बस अड्डा रोड

रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने के लिए दवाओं की जगह हरी सब्जियां, दाल, फल, मेवा, जूस एवं सब्जियों का सूप बनाकर उपयोग करें। इससे शरीर को ताकत मिलेगी। अंग्रेजी दवाओं का अत्यधिक सेवन शरीर के लिए नुकसानदेह हो सकता है।
-डॉ. परवेज खान, यूनानी चिकित्सक

बीमारी कोई भी दवा अपने आप बिल्कुल न करें। डॉक्टर की परामर्श से ही दवाओं का सेवन करें। मल्टी विटामिन के सेवन से अच्छा है कि अपने खान पान में सुधार करें। अत्यधिक दवाओं का उपयोग करना शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है।
-डॉ. आरएस मधौरिया फिजीशियन

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !