लखीमपुर खीरी। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने सोमवार को प्रशासनिक व चिकित्सा अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की, जिसमें उन्होंने कहा कि निगरानी समितियों को सशक्त बनाएं, जिससे इनके कामों से बेहतर परिणाम आएंगे। प्रत्येक आशा संगिनी के पास पांच व एएनएम के पास 10 मेडिकल किट रिजर्व में रहें। ताकि आवश्यकतानुसार फील्ड में तत्काल सिंप्टोमेटिक व्यक्तियों को मेडिकल किट मुहैया कराई जा सके।
जिले में अब तक 81250 मेडिकल किटों का वितरण किया जा चुका है। डीएम ने कहा कि निगरानी समितियां सभी सिंप्टोमेटिक व्यक्तियों को अनिवार्य रूप से मेडिकल किट मुहैया कराएं। सीएमएस डॉ आरसी अग्रवाल को जिला चिकित्सालय में पीकू (बच्चों के लिए गहन चिकित्सा कक्ष) वार्ड को अपडेट रखने के निर्देश दिए। एसीएमओ डॉ रविंद्र शर्मा को निर्देश दिए कि सभी लक्षणात्मक रोगियों की समय से टेस्टिंग हो, यह प्रत्येक दशा में सुनिश्चित करें। ऐसे रोगियों की संख्या ज्यादा होने पर टीम भेजकर टेस्टिंग करवाना सुनिश्चित करें।
समीक्षा के दौरान डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिए कि जिले में 34 एंबुलेंस व तीन एएलएस को कोविड डेडीकेट किया जाए। फील्ड में कार्यरत निगरानी समितियों के सदस्यों जैसे आशा संगिनी, आंगनबाड़ी, एएनएम को पर्याप्त मात्रा में हैंड ग्लब्स, मास्क व सैनिटाइजर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जिले में ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता है, सीएमओ सभी निजी चिकित्सालय को उनकी मांग के अनुरूप शत प्रतिशत ऑक्सीजन उपलब्ध कराएं।
सीडीओ अरविंद सिंह ने एक सप्ताह में निगरानी समितियों के परफॉर्मेंस पर विस्तृत जानकारी दी। निगरानी समितियों की विभिन्न पांच स्तरों पर पर्यवेक्षण व निगरानी की जा रही है। जिले में मेडिकल किट की उपलब्धता पर्याप्त है। निगरानी समितियों की मांग के अनुरूप संबंधित एमओआईसी तत्काल मेडिकल किट मुहैया कराएं। वैक्सीनेशन व पोस्ट कोविड पर फोकस किए जाने की जरूरत है। बीएसए बुद्ध प्रिय सिंह ने बताया कि सर्वे टीमों द्वारा तैयार आपातकालीन रोगियों की सूची, सिंप्टोमेटिक व्यक्तियों की सूची, मेडिकल किट की उपलब्धता और निगरानी समितियों की सक्रियता पर प्रतिदिन मॉनिटरिंग की जा रही है। डीएम ने निर्देश दिए कि बीएसए द्वारा उपलब्ध कराई सूची पर प्रतिदिन एमओआईसी मॉनिटरिंग व एडिशनल सीएमओ जिला स्तर पर सुपरवाइज करें।
वही शाम तक उक्त सूची के सापेक्ष अनुपालन आख्या उपलब्ध कराएंगे। बैठक में सीएमओ डॉ मनोज अग्रवाल, एडीएम अरुण कुमार सिंह, एसीएमओ डॉ रवींद्र शर्मा, डॉ आरपी दीक्षित, डॉ संतोष चक, डॉ अश्विनी, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी बलवीर सिंह, डीपीआरओ सौम्य शील सिंह मौजूद रहे। संवाद
Lakhimpur Kheri :प्रत्येक आशा संगिनी के पास पांच, एएनएम के पास 10 मेडिकल किट रिजर्व में रहें
May 24, 2021