Lakhimpur Kheri :खीरी में 13 दिन में 24 तमंचे हुए बरामद

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚

आखिर कहां से आ रही तमंचे की खेप, पुलिस का दावा अवैध फैक्ट्रियां करा चुके हैं बंद

तमंचे पर डिस्को करने से भी नहीं हिचक रहे लोग, अब तक कई वीडियो हो चुके हैं वायरल लखीमपुर खीरी। जनपद में बड़ी संख्या में अवैध तमंचे बरामद किए जा रहे हैं। इस महीने 13 दिन में 24 तमंचे बरामद किए जा चुके हैं। जाहिर है कि जनपद के अंदर अवैध शस्त्र फैक्ट्रियों में तमंचे बन रहे हैं या फिर दूसरे जनपदों से तमंचे मंगाकर यहां सप्लाई की जा रही है। पुलिस थाने की कार्रवाई तमंचे की बरामदगी तक ही सीमित है, लेकिन इनकी सप्लाई/ निर्माण होने के ठिकाने तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंचे हैं।
अप्रैल-मई में पंचायत चुनाव के चलते पुलिस ने लाइसेंसी शस्त्रों को तो जमा करा लिया था, लेकिन अवैध तमंचों पर अंकुश नहीं लगा पाई। इससे आए-दिन तमंचे बरामदगी के मामले सामने आ रहे हैं। दो मई 2021 को फूलबेहड़ पुलिस ने एक अभियुक्त को 12 बोर तमंचे के साथ गिरफ्तार किया था।

सात मई 2021 को मोहम्मदी पुलिस ने एक, पसगवां पुलिस ने दो और भीरा पुलिस ने एक तमंचा बरामद किया, जो सभी 315 बोर के थे। नौ मई को मोहम्मदी पुलिस ने एक और पलिया पुलिस ने एक तमंचा बरामद किया था। 11 मई को पसगवां पुलिस ने दो और तिकुनिया पुलिस ने एक तमंचा बरामद किया था।
वहीं 13 मई को सदर कोतवाली, मोहम्मदी और निघासन पुलिस ने एक-एक तमंचा बरामद किया था। 14 मई को गोला पुलिस ने एक तमंचा बरामद किया। 15 मई को मोहम्मदी पुलिस ने एक तमंचा बरामद किया। 16 मई को पलिया पुलिस ने 315 बोर का एक तमंचा बरामद करने का दावा किया था। 19 मई को मैलानी पुलिस ने एक तमंचा बरामद किया। 20 मई को मितौली और सदर कोतवाली पुलिस ने एक-एक तमंचा बरामद किया। 21 मई को ईसानगर और खीरी पुलिस ने एक-एक तमंचा बरामद किया। 22 मई को निघासन पुलिस ने दो तमंचे बरामद किए। 23 मई को मोहम्मदी पुलिस ने एक तमंचा बरामद किया है। सबसे ज्यादा मोहम्मदी पुलिस ने पांच तमंचे बरामद किए हैं, जबकि पसगवां पुलिस ने दूसरे नंबर पर रहते हुए चार तमंचे बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जनपद के अंदर अवैध शस्त्र फैक्ट्रियों पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों को जेल भेजा जा चुका है। तो सवाल है कि यह तमंचे अब कहां से आए रहे हैं।

जनपद के अंदर संचालित शस्त्र फैक्ट्रियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है और अभियुक्तों को जेल भेजा जा चुका है। पुलिस कार्रवाई में अभियुक्तों के पास से तमंचे बरामद होने के मामले बढ़े हैं, जिनमें विधिक कार्रवाई की जा रही है। आसपास के जनपदों से तमंचे की अभियुक्तों द्वारा खरीदे जाने की संभावना है। फिर भी सभी थानों को निर्देश दिए गए हैं कि यदि क्षेत्र में कहीं शस्त्र फैक्ट्री चलाई जा रही है, तो उसके खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई करें।
- विजय ढुल, एसपी

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !