Lakhimpur Kheri : 20 मिनट मौत का तांडव... जो सामने आया, उसे बनाया गोली का निशाना

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚

पहले ही योजना बनाकर आए थे हमलावर, पंचायत के बीच बार-बार उखड़े और फिर किया हमला


घटनास्थल पर पुलिस को मिले अलग-अलग बोर के कारतूसों के 11 खोखे नवाबगंज। जरेली गांव में हुए पूरे घटनाक्रम से साफ था कि शमा परवीन के पति अजहर और उसके परिवार के लोग पहले ही खूनखराबे की योजना बनाकर आए थे। समझौते के लिए बुलाई गई पंचायत में फैसला करने में उन्होंने जरा भी दिलचस्पी नहीं दिखाई। बार-बार उखड़ते रहे और फिर पंचायत छोड़कर हमले की तैयारी में बाहर निकल गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घर लौट रहे शमा के परिवार के लोगों पर उन्होंने करीब 20 मिनट तक फायरिंग की। लगातार फायरिंग करते हुए जो भी सामने आया, उस पर गोली चलाई।
गांव के लोगों के मुताबिक अजहर के परिवार के लोग पंचायत में ही हथियार लेकर पहुंचे थे। बातचीत के बीच वे लोग बार-बार उग्र होते रहे और आखिर में अजहर और कलीम पंचायत को बीच में ही छोड़कर चले गए। इसके बाद पंचायत यह कहकर खत्म कर दी गई कि जब पति ही कुछ सुनने को तैयार नहीं है तो पंचायत में कोई निर्णय ही कैसे हो पाएगा। इसके बाद अजहर पक्ष के बाकी लोग भी दक्षिणी दरवाजे से पहले ही निकल गए। शमा के परिवार के लोग कुछ देर बाद उत्तरी दरवाजे से निकले।

यह परिवार जैसे ही कुछ आगे गली में पहुंचा, वहीं मोड़ के पास दीवार और बिजली के खंभे की आड़ से उन पर फायरिंग शुरू हो गई। सभी एक-दूसरे को बचाने के लिए आगे दौड़े मगर हमलावर पूरी योजना के साथ आए थे। जो भी व्यक्ति आगे बढ़ा, उन्होंने उसे गोली का निशाना बनाया। गांव के लोगों के मुुताबिक करीब बीस मिनट तक मौत का तांडव होता रहा। इस दौरान दर्जन भर राउंड से ज्यादा फायरिंग की गई। दहशत से गांव के लोग घरों में कैद हो गए और अपने दरवाजे बंद कर लिए। मौके पर पहुंची पुलिस को ही घटनास्थल से विभिन्न बोर के कारतूसों के 11 खोखे मिले।

गोली लगने के बाद हैदर भागे पकड़कर दूसरी गोली मार दी

घटनास्थल के पास ही रहने वाली एक महिला ने बताया कि हैदर अली को कलीम ने गोली मारी थी। पहले गोली लगने के बाद भी वह गिरे नहीं और जान बचाने के लिए भागने लगे। इस पर उसने दौड़ाकर हैदर अली को पकड़ लिया और एक हाथ से गर्दन पकड़कर दूसरे हाथ से तमंचा सटाकर गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सात लोगों की हालत गंभीर

फायरिंग के दौरान शमा परवीन की मां हुनका बानो, भाई आशिक अली, चाची शबीना, नफजर अली, सुल्तान अली, शकील, अनवर अली, शफी हैदर, फरमान हैदर और मुजस्सर अली को गोली लगी है। इनमें से हुनका बानो, आशिक अली, नफजर अली, सुल्तान अली, शकील, अनवर अली और शफी हैदर को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

महिलाओं समेत आरोपी फरार

आरोपी पक्ष जयपुर में जरी का काम करते हैं और यहां उनका आना-जाना रहता है। घटना के बाद जरेली गांव पहुंची पुलिस ने आरोपियों की तलाश में उनके घरों में दबिश दी लेकिन महिलाओं समेत पूरा परिवार फरार हो गया। उनके घर भी पुलिस को खुले मिले हैं।

मेरी दुनिया उजड़ गई.. न घर बचा न पिता

नवाबगंज। वारदात के बाद हैदर अली की बेटी और अजहर अली की पत्नी शमा परवीन बदहवास हो गई है। वह रो-रोकर कह रही है कि उसकी दुनिया ही उजड़ गई, न घर बचा और न ही पिता।
तीन साल पहले हुई शादी के बाद लगातार अनबन के बावजूद शमा परवीन चाहती थी कि उसका घर बचा रहे। करीब सप्ताह भर पहले उसने अपनी बेटी एकवर्षीय आयत को मायके भेज दिया था लेकिन ससुराल वाले शनिवार सुबह उसे जाकर अपने साथ ले आए। वारदात के बाद आरोपी आयत को भी अपने साथ ले गए। बदहवास शमा ने कहा कि उसकी दुनिया ही उजड़ गई। पिता को उसके पति ने मार डाला, न तो उसका ये घर बचा और न ही वह घर बचा। आशंका जताई कि ससुराल वाले उसकी भी हत्या कर देते लेकिन फायरिंग की आवाज सुनकर वह पिछले दरवाजे से निकलकर खेतों से होते हुए अपने मायके पहुंच गई।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !