पुलिस लाइन और आठवीं वाहिनी पीएसी में हुआ दीक्षांत समारोह
एडीजी और पीएसी के सेनानायक ने प्रशिक्षुओं को दिलाई शपथ बरेली। छह महीने का कठिन प्रशिक्षण पूरा कर 321 प्रशिक्षु शुक्रवार को विधिवित पुलिस का हिस्सा बन गए। पुलिस लाइन और पीएसी ग्राउंड पर आयोजित दीक्षांत समारोह में एडीजी जोन अविनाश चंद्र और पीएसी के कमांडेंट विकास कुमार वैद्य ने उन्हें पद और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।
नकटिया स्थित आठवीं वाहिनी पीएसी ग्राउंड पर शुक्रवार सुबह साढ़े सात बजे दीक्षांत समारोह का शुभारंभ हुआ। कमांडेंट विकास कुमार वैद्य ने डिप्टी कमांडेंट आशुतोष शुक्ल के साथ खुली जिप्सी में परेड का निरीक्षण किया। आठ टुकड़ियों में यहां 156 प्रशिक्षुओं को कमांडेंट ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाकर पुलिस बल का हिस्सा बनने की विधिवत घोषणा की। इस दौरान प्रशिक्षु आरक्षी अभिमन्यु को सर्वांग सर्वोत्तम का पुरस्कार दिया गया। सेनानायक ने सभी को बधाई देते हुए मेहनत, लगन और अनुशासन से काम करने की सीख दी। आयोजन में शिविर पाल, पारसनाथ चौधरी, आरटीसी प्रभारी अनिल वर्मा, पीसी जगत सिंह बिष्ट का सहयोग रहा।
‘प्रशिक्षण में जो सीखा उसे अमल में लाकर करें समाजसेवा’
पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में 156 प्रशिक्षुओं को एडीजी अविनाश चंद्र ने पद और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। इस दौरान सचिन को सर्वश्रेष्ठ रिक्रूट आरक्षी का पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर एडीजी ने कहा कि प्रशिक्षुओं के के जीवन का यह बहुत महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने दिन रात मेहनत करके नौ महीने का कोर्स छह महीने में पूरा किया, तब ये दिन देखने को मिला है। जो भी प्रशिक्षण में सीखा है, उसे अमल में लाकर समाज की सेवा करनी है। अब उन्हें देहात और शहर के थानों में सेवाएं देनी हैं। अपने कर्तव्यों को हमेशा याद रखें। इससे पूर्व एडीजी ने एसएसपी रोहित सिंह सजवाण के साथ खुली जिप्सी में परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी सिटी रवींद्र कुमार, एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल, एसपी क्राइम सुशील कुमार, एसपी ट्रैफिक राममोहन सिंह, एसपी इंटेलिजेंस अरविंद आदि मौजूद रहे। दोनों कार्यक्रम का संचालन रिटायर्ड सीओ जगदीश पाटनी ने किया। पुलिस लाइन की व्यवस्था में आरआई हरेंद्र पाल सिंह और प्रभारी आरटीआई जयपाल सिंह का विशेष योगदान रहा।
पीएसी बैंड की धुनों ने समा बांधा
दोनों ही स्थानों पर आयोजित दीक्षांत समारोह में पीएसी बैंड की मधुर धुनों ने समा बांध दिया। कदम, कदम बढ़ाए जा... की धुन के बीच परेड ग्राउंड पर आयोजित समारोह में रिक्रूट्स ने मुख्य अतिथि को सलामी दी।