डीएम की अध्यक्षता में हुई जिला पेयजल और स्वच्छता समिति की बैठक
लखीमपुर खीरी। सोमवार को डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने जिला पेयजल व स्वच्छता समिति की बैठक की, जिसमें ब्लॉक नकहा के 10 ग्राम पंचायतों, लखीमपुर की दो ग्राम पंचायतों की पेयजल योजनाएं स्वीकृत की गईं। जिला पेयजल व स्वच्छता समिति ने संस्तुति कर अग्रिम कार्रवाई के लिए राज्य पेयजल एवं स्वच्छता समिति को अग्रसारित कर दिया है, जिस पर कुल लागत 40 करोड़ रुपये आएगी।
कलक्ट्रेट सभागार में में एनसीसी (नागार्जुन कंस्ट्रक्शन कंपनी प्रा.लि.) के जनरल मैनेजर सतीश कुमार ने बताया कि कुल 373 ग्राम पंचायतों की पेयजल योजना के डीपीआर बनाए जाने हैं, जिसमें से 186 ग्राम पंचायतों में भूमि प्राप्त हुई है। 89 ग्राम पंचायतों की प्रस्तावित भूमि उपयुक्त नहीं है। 98 ग्राम पंचायतों में भूमि अभी चिह्नित नहीं हो पाई है। इस पर संबंधित एसडीएम, फर्म के जनरल मैनेजर व अधिशासी अभियंता जल निगम के साथ एक टीम बनाकर अग्रिम कार्यवाही करने के लिए डीएम ने निर्देश दिए हैं।
बैठक में सीडीओ अरविंद सिंह, डीडीओ अरविंद कुमार, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एके चौधरी, बीएसए बुद्घ प्रिय सिंह, एडीपीआरओ मनोज कुमार, अधिशासी अभियन्ता जल निगम आरबी श्रीवास्तव, सहायक अभियंता लघु सिंचाई कल्पना वर्मा एवं समिति के अन्य सदस्यों द्वारा प्रतिभाग किया गया।
इन ग्राम पंचायतों की पेयजल योजनाएं स्वीकृत
जिला पेयजल व स्वच्छता समिति ने ब्लॉक नकहा के ग्राम पंचायत पनगीकलॉ, सैदीपुर हर्रैया, कौरैया संजर , भीरा घासी, रंगीलानगर , नकहा , जगसड़, सहजनी, चहमलपुर एवं ओदारा नकहा। ब्लॉक लखीमपुर की ग्राम पंचायत बॉसताली एवं डिम्हौरा में पेयजल योजनाएं बनेंगी।