लखीमपुर खीरी। जनपद में कोरोना के सक्रिय केसों की संख्या 600 से ऊपर बनी हुई है, जिससे यहां पर कोरोना कर्फ्यू से ढील मिलने की अभी संभावना नहीं है।
रविवार को केवल 67 नए कोरोना केस मिले, जिसके पहले शनिवार तक कुल सक्रिय केस 492 थे। इस हिसाब से लोग मान रहे थे कि कोरोना कर्फ्यू से राहत मिल जाएगी। इससे व्यापारियों समेत अन्य लोगों में खुशी भी देखी जा रही थी, लेकिन रविवार की शाम को जारी कोविड बुलेटिन में कुल सक्रिय केसों की संख्या 770 हो गई। इसमें प्रशासन द्वारा बताया गया कि अन्य जनपदों के 89 केस व 180 केस डुप्लीकेट व रिपीट शामिल किए गए हैं। इसके बाद सोमवार को सक्रिय केस की कुल संख्या में कमी आई है, जिससे अब 632 सक्रिय मामले रह गए हैं।
डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अभी सक्रिय केसों की संख्या 600 से अधिक है, जिससे कोरोना कर्फ्यू नहीं हटाया जा सकता है। सक्रिय केस की संख्या 600 से कम होने पर ही कोरोना कर्फ्यू हटाने पर विचार किया जाएगा।