लखीमपुर खीरी। गेल (गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड) ने जिले में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की तैयारी कर ली है। जिला अस्पताल में पीएसए (प्रेसर स्विंग एडजॉप्सन) तकनीक आधारित ऑक्सीजन प्लांट दो महीने के अंदर तैयार हो जाएगा। जिसके लिए नई दिल्ली की गैसटेक इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड को पीएसए यूनिट लगाने की जिम्मेदारी दे दी गई है। गेल के जनरल मैनेजर उपल सेन गुप्ता ने इस संबंध में डीएम को पत्र भेजकर प्लांट लगाने की तैयारी के बारे में जानकारी दी है।
पीएम केयर्स फंड से एक ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाने की स्वीकृति मिलने के अलावा गेल भी जनपद में ऑक्सीजन प्लांट लगाएगा, जिसके लिए गेल के सीनियर इंजीनियर अभिषेक साहा के नेतृत्व में टीम ने 27 अप्रैल को जनपद का दौरा भी किया था। गेल के अधिकारियों ने जिला अस्पताल परिसर में ऑक्सीजन प्लांट लगाने का निर्णय लिया है, जिसके लिए प्रशासन ने स्वीकृति दे दी है। यह प्लांट मुख्यता ऑक्सीजन जनरेटर के तौर पर काम करेगा। पीएसए तकनीक आधारित प्लांट में वायुमंडल से ऑक्सीजन निकाली जाएगी और नाइट्रोजन की मात्रा को अलग किया जाएगा। वायुमंडल में 21 प्रतिशत ऑक्सीजन और 78 प्रतिशत नाइट्रोजन रहती है। वायुमंडल से ऑक्सीजन की मात्रा को निकालकर उसे सिलिंडरों में रिफिल किया जाएगा। इससे क्रायोजेनिक टैंकरों के माध्यम से तरल ऑक्सीजन मंगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि कम समय में जनपद में ही ऑक्सीजन की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी। वहीं दूसरा ऑक्सीजन प्लांट पीएम केयर फंड से ओयल स्थित अस्पताल में लगाया जाएगा।
गेल ने जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए संस्था नामित कर दी है, जो छह से 10 सप्ताह के अंदर प्लांट को पूर्ण करेगी। इसी सप्ताह काम शुरू होने की उम्मीद है। इस प्लांट के तैयार होते ही जनपद में ऑक्सीजन की किल्लत काफी हद तक दूर हो जाएगी। वहीं दूसरा प्लांट पीएम केयर फंड से ओयल में लगना है, जिसके निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। - शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम
Lakhimpur Kheri :जिले में ऑक्सीजन प्लांट लगाएगा गेल
May 05, 2021