Lakhimpur Kheri :निजी अस्पताल में ज्यादा पैसे लेने का वीडियो वायरल पहुंची जांच टीम
May 09, 2021
लखीमपुर : खीरी रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती किए जाने वाले कोविड के मरीजों से निर्धारित किए गए पैसे से ज्यादा पैसा वसूल ले जाने की खबर पर स्वास्थ विभाग की टीम जांच के लिए पहुंची, जहां मरीजों से पूछताछ करके धन उगाही का पता लगाए जाने का प्रयास टीम के मुख्य अधिकारी अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अश्विनी कुमार कर रहे हैं। इंटरनेट मीडिया पर शहर के शेखर अस्पताल में मरीजों से ज्यादा पैसा लिए जाने का एक वीडियो वायरल हुआ है। उस वीडियो में यह दिखाया गया है कि मरीजों से निर्धारित किए गए शुल्क से अधिक शुल्क लिया जा रहा है। वीडियों में एक दिन का तीस हजार रुपये तक मांगे जाने की बात कही जा रही है। मामले की जानकारी होते ही सीएमओ डॉ.मनोज अग्रवाल ने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अश्विनी कुमार को जांच के लिए भेजा है। वहां जांच कर रहे अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.अश्विनी ने बताया कि अभी वे वहां पहुंचे हैं मरीजों से पूछताछ के बाद ही कुछ पता लगेगा । इस अस्पताल को कोविड के मरीजों के लिए प्रशासन ने खुलवाया था। जिससे उन्हें यहां भर्ती करके इलाज किया जा सके लेकिन यहां पर मरीजों से अत्यधिक पैसे उगाही करने की बात सामने आई है। जिस पर स्वास्थ विभाग ने दो सदस्यीय टीम शेखर अस्पताल भेजी है । सीएमओ ने डॉ. मनोज अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच के बाद ही कार्रवाई तय की जाएगी।