![]() |
| No Image - lmpnews |
तंबाकू निषेद्य दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बोले एसीएमओ
एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में कर्मचारियों को दिलाई तंबाकू के उत्पादों का सेवन न करने की शपथ
लखीमपुर खीरी। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सोमवार को एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में कार्यक्रम आयोजित कर स्वास्थ्यकर्मियों को तंबाकू और इससे बने उत्पादों का सेवन न करने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान हस्ताक्षर अभियान भी चला।
एसीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार ने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है। इससे मुंह, जीभ का कैंसर सहित तमाम अन्य बीमारियां होने की आशंका रहती है। कोरोना काल में तंबाकू का सेवन संक्रमण फैैलाने में भी सहायक है। एसीएमओ डॉ. एसके चक ने कहा कि पान-मसाला, गुटखा आदि खाकर सार्वजनिक स्थलों पर थूकना और धूम्रपान करना प्रतिबंधित है। ऐसा करने वालों पर कोटपा अधिनियम के तहत कार्रवाई हो सकती है।
एसीएमओ डॉ. बीसी पंत ने बताया कि तंबाकू छोड़ने के लिए हेल्प लाइन नंबर 1800112356 पर फोन कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। एसीएमओ ने कार्यालय कर्मचारियों को तंबाकू एवं धूम्रपान न करने की शपथ दिलाकर हस्ताक्षर अभियान की शुरूआत की। तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के डॉ. राकेश गुप्ता, डॉ. पूनम सिंह, विजय वर्मा, अतुल पांडे, देवनंदन श्रीवास्तव, अनुज श्रीवास्तव, नीरज कुमार, विकास कुमार आदि लोग मौजूद रहे।
गोला गोकर्णनाथ। पीएचसी पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. गणेश कुमार ने अधिकारियों, कर्मचारियों को तंबाकू निषेध की शपथ दिलाई। अस्पताल में मौजूद बीमारों, तीमारदारों को तंबाकू से होने वाली बीमारियों और उसके दुष्परिणामों की जानकारी दी। सीएचसी पर डॉ. आकांक्षा वर्मा, फार्मासिस्ट पवन पांडे, अतुल अवस्थी, स्टाफ नर्स जावित्री आदि ने लोगों को जागरूक किया।
छोटेलाल दीक्षित स्मृति फाउंडेशन की ओर से हुए वर्चुअल कार्यक्रम में मुख्य वक्ता दंत चिकित्सक डॉ. विवेक वर्मा ने तंबाकू खाने से होने वाले नुकसान के बारे में बताया। वाईडीसी प्राचार्य डॉ. डीएन मालपानी ने कहा कि दुनिया में प्रतिवर्ष 70 लाख से अधिक मौतें धूम्रपान की वजह से होती हैं। डॉ. सौरभ दीक्षित, ब्रह्म स्वरूप मिश्र, राजेश अग्निहोत्री, धीरज वाजपेयी, विमलेश वर्मा, संदीप मिश्रा, अतुल त्रिवेदी आदि शामिल हुए।
धौरहरा। सीएचसी खमरिया में अधीक्षक डॉ. बीके स्नेही ने कर्मचारियों और मरीजों को शपथ दिलाई कि कोई भी व्यक्ति आज के बाद तंबाकू से बने उत्पादों का सेवन नहीं करेंगे। इस दौरान सभी स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर ली शपथ, हुई गोष्ठी ।
पलियाकलां। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर हुए कार्यक्रम में तंबाकू का सेवन न करने और दूसरों को इसके प्रति जागरूक करने की बात कही गई। काउंसलर अंकित दीक्षित ने बताया कि यह सेहत खराब करने के साथ ही कई बीमारियों को दावत देती है। इस दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. वरुन समेत डा.ॅ अजीत कुमार, डॉ. सुभाष राणा, डॉ. मनीष, गिरजेश श्रीवास्तव, एके पांडेय, श्यामला बी, अरुणा देवी, रीता देवी आदि मौजूद रहीं। संवाद
मार्च में मिला था बजट, अब तक एक भी पैसा नहीं किया खर्च
लखीमपुर खीरी। तंबाकू उत्पादों की रोकथाम के लिए जनपद में अब तक कोई अभियान ही नहीं चलाया गया है, जबकि पिछले वर्ष केंद्र सरकार ने नशा मुक्त भारत अभियान चलाया था। इसका नोडल समाज कल्याण विभाग को बनाया गया है। सुधांशु शेखर, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर ने बताया कि पिछले वर्ष 2020 में बजट नहीं मिला था। इस वर्ष मार्च में बजट मिला। इसके तुरंत बाद ही आचार संहिता लग जाने और पंचायत चुनाव में व्यस्तता के कारण जागरूकता कार्यक्रम नहीं हो सके। अब कोरोना कर्फ्यू हटने के बाद जागरूकता कार्यक्रम कराए जाएंगे। संवाद
प्रतिमाह करोड़ों का होता है तंबाकू उत्पादों का कारोबार
जिस तरह जनपद में शराब की बिक्री से प्रतिवर्ष एक अरब से अधिक राजस्व की प्राप्ति सरकार को होती है। वैसे ही तंबाकू उत्पादों जैसे बीड़ी, सिगरेट, खैनी, गुटखा आदि की बिक्री से प्रतिमाह करोड़ों रुपये का कारोबार होता है। व्यापारियों के अनुमान के मुताबिक, बीड़ी और सिगरेट का प्रतिमाह करीब दो से तीन करोड़ रुपये का कारोबार होता है। ऐसे ही खैनी, गुटखा का भी प्रतिमाह करोड़ों में कारोबार होता है। - संजय गुप्ता, बीड़ी कारोबारी
