Lakhimpur Kheri :चीतल का शिकार करने के मामले में दो और गिरफ्तार

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚
मुख्य आरोपी समेत दो शिकारियों को पुलिस पहले ही भेज चुकी है जेल
बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की मैलानी रेंज में चीतल का शिकार करने के मामले में गंगापुर गांव में वन विभाग की छापामारी के दौरान फरार हुए चार शिकारियों में से बाकी दो शिकारियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से एक तमंचा 12 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इस मामले में मुख्य आरोपी समेत दो शिकारियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
मैलानी थाना पुलिस बुधवार को जब फरार आरोपियों की तलाश में भटक रही थी तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दो फरार आरोपी बांकेगंज-कुकरा रोड पर लोहिया पुल के पास मौजूद हैं,और कहीं भागने की फिराक में हैं। इस सूचना पर कुकरा पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी तो यह दोनों फिर भाग खड़े हुए। पुलिस ने उन्हें दौड़ाकर धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी रजनीश और रमेश के पास से एक 12 बोर तमंचा,दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। दोनों शिकारियों का वन्यजीव संरक्षण अधिनियम,वन,आबकारी अधिनियम और आर्मस एक्ट के तहत चालान भेज दिया गया। इससे पहले मंगलवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी काशीराम समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार सभी आरोपी आपस में सगे भाई हैं। थाना मैलानी के प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान यादव ने बताया कि गंगापुर गांव में चीतल का शिकार करने और अवैध शराब बनाने के मामले में फरार चल रहे चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनका समुचित धाराओं में चालान किया गया है।

मछली के शिकार मामले में 12 आरोपियों से 14 लाख वसूले
पलियाकलां। दुधवा नेशनल पार्क के बफर जोन की फरसहिया बीट में मछली के शिकार मामले में वन विभाग ने फरार आठ अभियुक्तों समेत कुल 12 लोगों को हिरासत में लिया है। डीडी के मुताबिक सभी अभियुक्तों से 14 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया है।
डिप्टी डायरेक्टर मनोज कुमार सोनकर ने बताया कि 16 मई को बफर जोन की फरसहिया बीट में मछली का शिकार करते समय वन विभाग की टीम ने दो बोलेरो गाड़ी समेत चार लोगों को हिरासत में लिया था, जबकि उनके अन्य आठ साथी फरार हो गए थे।
वन विभाग ने दबिश देकर फरार आठ अन्य अभियुक्तों समेत कुल 12 लोगों को पकड़ा है, जिनके पास से करीब ढाई किलो मछली बरामद हुई है। मामले में 14 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है। डीडी के मुताबिक चालू वित्तीय वर्ष में जुर्माने की यह सबसे बड़ी रकम है। इससे पहले वर्ष 2020-21 में दुधवा रेंज में ही शिकार का प्रयास करने के मामले में 12 लाख 25 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया था। संवाद

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !