लखीमपुर खीरी। कोरोना काल में सवारियां न मिलने से परिवहन निगम आर्थिक संकट से जूझ रहा है, वहीं परिचालक भी सवारियों से पैसे लेकर टिकट न बनाकर पैसा अपनी जेब में रखकर रोडवेज को चूना लगा रहे हैं। बृहस्पतिवार को लखीमपुर से धौरहरा जा रही लखीमपुर डिपो की बस चेक करने पर परिचालक चार यात्रियों को बिना टिकट यात्रा कराता मिला। सहायक यातायात निरीक्षक ने इसकी रिपोर्ट एआरएम से की है।
लखीमपुर डिपो के सहायक यातायात निरीक्षक शरद तिवारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को धौरहरा लखीमपुर रूट पर एटीआई रामचंद्र के साथ चेकिंग में लखीमपुर डिपो की बस (यूपी 31 टी 8813) में चार यात्री बिना टिकट यात्रा करते मिले। इसमें से तीन धौरहरा और एक ऐरा से सिसैया जा रहा था। बस में कुल 22 मुसाफिर थे।
एटीआई ने बताया कि पूछताछ करने पर यात्रियों ने टिकट का पैसा परिचालक को देना बताया। रोडवेज को राजस्व क्षति पहुंचाने के मामले में संविदा परिचालक दिनेेश कुमार वर्मा की रिपोर्ट एआरएम को भेजी गई है।
Lakhimpur Kheri : चार यात्रियों को बिना टिकट यात्रा कराता मिला परिचालक
May 27, 2021