लखीमपुर खीरी। जिला कारागार को बेहतर प्रबंधन के लिए आईएसओ सर्टिफिकेट 14001:2015 मिला है। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बुधवार की शाम को शिविर कार्यालय में जेल अधीक्षक पीपी सिंह को प्रमाण पत्र प्रदान किया। उन्होंने जेल अधीक्षक समेत पूरी कारागार टीम को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
जेल अधीक्षक पीपी सिंह ने बताया कि डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह की प्रेरणा, मार्गदर्शन और कारागार टीम के बेहतर व सार्थक प्रयासों से जिला कारागार को आईएसओ का प्रमाण पत्र मिल पाया है। बताते चलें कि तीन माह पहले जब जेल अधीक्षक पीपी सिंह ने कारागार का कार्यभार संभाला, तबसे जेल की व्यवस्थाओं को उच्चीकृत करने का सिलसिला चल पड़ा। बंदियों को गरम रोटी मिले, इसके लिए हॉट क्रेश की व्यवस्था की गई। कारागार में बंद पड़ी मशीन शुरू कराई, रद्दी पेपर से फाइल कवर बनवाए और उससे हैंडबैग बनाने शुरू किए।
अगरबत्ती-धूपबत्ती जेल में बनवाकर बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया। जैविक खेती से कारागार में सब्जियों का उत्पादन बढ़ाया। कोविड वैश्विक महामारी में कारागार में बेहतर उपचार व्यवस्था, सैनिटाइजर व मास्क बनवाकर बंदियों को कोरोना से बचाए रखा। जिला कारागार में हुए नवाचार व बंदी कल्याणर्थ के लिए हुए प्रयासों से जिला कारागार को आईएसओ प्रमाण पत्र मिला है।
Lakhimpur Kheri : बेहतर प्रबंधन के लिए जिला कारागार को मिला आईएसओ सर्टिफिकेट
May 20, 2021