1होनहार एकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मुरादाबाद के बिलारी की चीनी मिल के डीजीएम करनजीत की मौत का मामला
पलियाकलां (लखीमपुर खीरी)। मुरादाबाद के बिलारी की लक्ष्मी शुगर मिल में डीजीएम के पद पर तैनात पलिया के लालपुर ढाका निवासी करनजीत सिंह धालीवाल की मौत के मामले में उनके पिता सुखविंदर सिंह ने पुत्र के आत्महत्या करने से इनकार किया है। रविवार की शाम तक शव घर नहीं पहुंच सका था। मृतक के पिता के मुताबिक, सोमवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।
रविवार को मृतक के पिता सुखविंदर सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वह मुरादाबाद में ही हैं और पुत्र का पोस्टमार्टम कराने के लिए रुके हैं। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि वह गार्ड की रायफल को सही कर रहा था। रायफल को नीचे ठोंकते समय उससे फायर हो गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि उनका पुत्र काफी होनहार था। उसे देश और विदेश में कई अवार्ड भी मिल चुके थे। उधर, मामले में पुलिस आत्महत्या की बात कह रही है। मौके पर पुलिस समेत फॉरेंसिक टीमें भी पहुंची थीं। वहीं, पिता के मुताबिक यह हादसा है।
प्रगतिशील किसान थे करनजीत, मिले थे कई अवार्ड
मृतक करनजीत सिंह काफी प्रगतिशील किसान थे और वह गन्ने की अलग-अलग प्रजातियों की बुवाई कराते थे। लगभग तीन साल पूर्व डीएम, जिला गन्ना अधिकारी समेत जिले के अफसरों ने उनके खेतों का दौरा किया था। यहां लगभग 15 फुट से अधिक गन्ने को देखकर अचंभा जताया था। गन्ने की खेती को लेकर उनको देश और विदेश में कई अवार्ड भी मिल चुके थे।
माता-पिता का इकलौता बेटा था करनजीत
मृतक करनजीत सिंह अपने पिता सुखविंदर सिंह व माता बलजिंदर कौर का इकलौता बेटा था। पिता सुखविंदर ने बताया कि उनकी दो पुत्रियां हैं। दोनों की शादी हो चुकी है, एक आस्ट्रेलिया व एक अमेरिका में है। मृतक करनजीत की पत्नी मनप्रीत कौर व उसकी एक ढाई वर्षीय पुत्री है।
Lakhimpur Kheri :पिता बोले, करनजीत ने नहीं की आत्महत्या, हादसे में गई जान
May 23, 2021