Lakhimpur Kheri : रिमझिम बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत, खेतीबाड़ी को फायदा

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚
No Image - lmp News

सुबह से लेकर शाम तक होती रही, आज भी बसात होने की संभावना

लखीमपुर खीरी। पिछले कुछ दिनों से गर्मी की मार से बेहाल जिलेवासियों के लिए शुक्रवार को दिन बेहद खुशनुमा रहा। सुबह शुरू हुई रिमझिम बारिश रुक-रुक कर देर शाम तक जारी रही। इससे पूरे दिन मौसम सुहाना बना रहा। यह बारिश खेतीबाड़ी के लिए फायदेमंद बताई जा रही है। शुक्रवार की सुबह ही आसमान में बादल छा गए। हवा भी चलने लगी। सुबह करीब सात बजे रिमिझिम बारिश शुरू हो गई। इससे मौसम बेहद सुहावना हो गया। हालांकि हल्की बारिश ने काम धंधे के लिए जाने वालों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी। कई घंटे तक लोग बारिश थमने का इंतजार करते रहे। अंतत: छाता लेकर निकलने को मजबूर हुए। बारिश के साथ हवा चलने से अधिकतम तापमान में पांच डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 24 रहा, मगर शुक्रवार सुबह से बारिश के कारण अधिकतम 29 और न्यूनतम तापमान 23 रहा। मौसम वैज्ञानिक शनिवार को भी बारिश होने की संभावना जता रहे हैं। इससे किसान भी खुश हैं, लेकिन दिन भर पानी बरसने से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया और आवागमन में दिक्कत हुई।

बारिश से गन्ना और आम के बागानों को लाभ

गोला गोकर्णनाथ। हल्की हवा के साथ शुक्रवार की सुबह से शुरू हुई रिमझिम बरसात ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है। लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं गन्ना व आम के बागानों को लाभ हुआ है। ममरी/रोशननगर। शुक्रवार दिन भर हुई रिमझिम बारिश से किसानों के खेतों में खड़ी गन्ने, ज्वार, बाजरा, उड़द, मूंग, मक्का की फसल को लाभ हुआ है। गन्ने की गुड़ाई का कार्य बाधित हो गया। किसानों ने खेतों में धान की पौध डालना शुरू कर दिया है। बारिश से गांव की गलियों में कीचड़ हो गया है।

सुबह बूंदाबांदी, दोपहर बाद तेज बारिश

पलियाकलां। पलिया तहसील क्षेत्र में शुक्रवार को बरसात हुई। सुबह हुई बूंदाबादी के बाद दोपहर बाद बारिश ने गति पकड़ी। इससे जनजीवन तो अस्त-व्यस्त रहा, लेकिन किसानों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। दोपहर 12 बजे के बाद तेज बारिश शुरू हुई जो पूरा दिन होती रही। बारिश से किसानों की गन्ना, सेंठा धान समेत सब्जियों वाली फसलों को काफी फायदा पहुंचा है। उधर, पूरे दिन होने वाली बरसात से सड़कों पर आवागमन में लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। निचले मोहल्लों में जलभराव हो गया। गांवों में कीचड़ युक्त पानी भरने से लोगों को निकलने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। मैलानी। शुक्रवार तड़के मौसम का मिजाज बदला और आसमान में काले बादल छा गए। साढ़े नौ बजे से हल्की बारिश शुरू होने के बाद शाम साढ़े चार बजे तक बारिश का सिलसिला चलता रहा। इस दौरान कभी तेज तो कभी हल्की बारिश होती रही। बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !