बांकेगंज (लखीमपुर खीरी)। ब्लॉक मुख्यालय के दुलारेपुर स्थित डिग्री कॉलेज प्रांगण में चल रही मतगणना के दौरान एक मतपत्र पर लगे निशान को लेकर भुड़वारा पंचायत के महिला प्रधान पद के दावेदारों के एजेंटों के बीच पहले जमकर बहस हुई, फिर विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। यह देख मतगणना स्थल पर मौजूद पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
बांकेगंज कस्बे के निकट दुलारेपुर स्थित डिग्री कॉलेज प्रांगण में रविवार दोपहर करीब एक बजे ग्राम पंचायत भुड़वारा में प्रधान पद के लिए मतगणना चल रही थी। इस दौरान महिला दावेदार रिजवाना और सन्नो के एजेंटों के बीच एक बैलेट पेपर पर लगी मोहर को लेकर विवाद हो गया। काफी देर तक दोनों एजेंटों के बीच नोकझोंक होती रही। धीरे-धीरे विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों हाथापाई पर उतर आए। देखते ही देखते उनके बीच जमकर मारपीट होने लगी। इसी बीच मतगणना स्थल पर तैनात पुलिस मौके पर पहुंच गई। आपस में मारपीट कर रहे मोबीन, मतीन और सलीम को गिरफ्तार कर लिया। इस अफरा-तफरी के बीच कुछ देर तक भुड़वारा पंचायत की मतगणना रुकी रही।
थाना मैलानी के प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान यादव ने बताया कि एक बैलेट पेपर की वैधता को लेकर भुड़वार पंचायत के प्रधान पद के दो प्रत्याशियों के एजेंटों के बीच मारपीट हुई थी। इस मामले में मोबीन, मतीन और सलीम को गिरफ्तार किया गया है। संवाद
Lakhimpur Kheri :प्रधान प्रत्याशियों के एजेंटों के बीच मारपीट, तीन गिरफ्तार
May 03, 2021