चपरतला। कृषि मंडी मैगलगंज में क्रय केंद्र के कर्मचारियों पर किसानों ने बारदाना को छिपाकर रखने का आरोप लगाते हुए तौल न करने का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि क्रय केंद्र के कर्मचारी कहते हैं कि बारदाना नहीं है, इसलिये तौल नहीं होगी, जबकि बारदाना छिपाकर रखा जाता है। गेहूं की खरीद बंद होने से किसानों का कहना है कि उनका गेहूं मंडी में ही सड़ रहा है।
मैगलगंज कृषि मंडी के अंदर मौजूद किसानों का कहना है कि मंडी बाबू और उनके साथ कांटा इंचार्ज से बात करो तो वह कमीशन की बात करते हैं। कमीशन ना देने पर 30 क्विंटल गेहूं तौलने की बात करते हैं, जिससे किसान मजबूरी में 100 क्विंटल पर छह क्विंटल इनको कमीशन दे रहा है, तब जाकर तौल की जा रही है। आरोप यह भी है कि बारदाना की कमी बताकर मैगलगंज मंडी बाबू लगातार किसानों से कमीशन लेने के लिए तौल नहीं कर रहे हैं, जब कमीशन की बातें हो जाती है तो रात में तौल हो जाती है। बिचौलियों का गेहूं लाकर रात में तौल की जाती है और सरकारी तौल दिखा दी जाती है, जिन किसानों ने कमीशन देने की बात नहीं कही, उनके साथ हीला हवाली करके खड़ा रखा जाता है, जिससे किसानों का गेहूं मंडी में ही सड़ रहा है।
जिस किसान ने 6.5 क्विंटल के कमीशन का आरोप लगाया है, वह हमारे संज्ञान में नहीं है। हमने अभी उसका बिल नहीं काटा है। उस किसान का पूरा पेमेंट करवा दिया जाएगा - सौरभ शुक्ला, आरएफसी कांटा इंचार्ज, मैगलगंज
मैंने 88 क्विंटल गेहूं की तौल कराई, जिसमें 83 क्विंटल गेहूं का पेमेंट देने की बात कही गई। बाकी गेहूं कमीशन के तौर पर काटा गया है, जो गलत है। ऐसा नहीं होना चाहिए। - गुरुचरण सिंह, सेमरा घाट
हमको एक हफ्ते से मंडी के अंदर खड़ा किया गया है। दो बार गेहूं भीग चुका है। लगातार यही बताते हैं कि बारदाना खत्म हो गया, जबकि बारदाना शौचालय के अंदर छिपा कर रखा गया है। कल बारदाना यहां पर काफी था, आज कम रह गया है, जिससे शंका है कि रात में बारदाना गायब कर के बिचौलियों की तौल की जाती है। - परमजीत सिंह, सरैया विलियम
मंडी के अंदर महीनों से किसान खड़े हैं। मंडी में घपले बाजी की जा रही है। किसी भी किसान का बगैर कमीशन गेहूं नहीं तौला जा रहा है। - जोगिंदर सिंह, शुक्लापुर
गेहूं खरीद बंद होने से किसान परेशान
तिकुनियां। कृषि उत्पादन मंडी समिति तिकुनियां में दो दिन से सरकारी क्रय केंद्रों में गेहूं खरीद बंद चल रही है, जिसके चलते किसानों ने प्रशासन से खरीद चालू कराए जाने की मांग की है। उधर, मंडी में किसानों से खरीदा गया गेहूं चबूतरे पर लगा है, जिसे पानी की बौछार से भीगने का खतरा पैदा हो गया है। मंडी समिति में गेहूं बेचने आए किसान ने बताया कि दो दिन से गेहूं की ट्रॉली लेकर खड़े हैं। खरीद बंद है, जिसके चलते रात भर जागकर गेहूं बचाना पड़ रहा है। इस बाबत मंडी समिति सचिव सुलेमान ने बताया की खरीद बंद नहीं है। डिलीवरी की गति धीमी होने के चलते कुछ विलंब हो रहा है। संवाद