Lakhimpur Kheri :शपथ ग्रहण के बाद जुलूस निकाला तो जाएंगे जेल

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚
लखीमपुर खीरी। नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों एवं सदस्यों का शपथ ग्रहण 25 और 26 मई को होना है, जिसके बाद 27 मई को ग्राम पंचायत समिति की प्रथम बैठक की जाएगी। इस दौरान प्रधान और उनके समर्थकों के जुलूस निकालने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसका उल्लंघन करने वाले प्रत्याशी और उनके समर्थकों के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
इससे पहले दो मई को मतगणना पूर्ण होने के बाद विजय जुलूस पर प्रतिबंध होने के बावजूद कई जगहों पर जुलूस निकालने के मामले सामने आए थे।
एसपी विजय ढुल ने नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों, सदस्यों एवं उनके समर्थकों से अपील की है कि वह इस अवसर पर संयम का परिचय दें। किसी भी प्रकार का विजय जुलूस पूर्णत: प्रतिबंधित है। डीजे, ढोल, नगाड़ा इत्यादि नहीं बजाएं। हर्ष फायरिंग करने वालों को बिल्कुल भी नहीं बख्शा जाएगा। सभी निर्वाचित ग्राम प्रधान एवं सदस्य इसका शत प्रतिशत पालन करना सुनिश्चित करें। उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए तत्काल गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।

एसपी ने समस्त क्षेत्राधिकारी एवं प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष को इस संबंध में सतर्क दृष्टि रखने एवं आदेश का उल्लंघन करने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। गोपनीय रूप से प्रत्येक कार्यक्रम स्थल एवं गांवों में खुफिया पुलिस बल लगाया गया है, जो प्रत्येक गतिविधि पर पैनी नजर रखते हुए हर स्थिति से अवगत कराया जाएगा। एसपी ने कहा कि सभी संयमित रहे और कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए शपथ ग्रहण कार्यक्रम को नियमानुसार पूर्ण कराने में प्रशासन का सहयोग करे।
---
शपथ ग्रहण कराने के लिए डीएम ने अधिकारी नामित किए
आज और कल वर्चुअल माध्यम से दिलाई जाएगी शपथ
संवाद न्यूज एजेंसी
लखीमपुर खीरी। संघटित ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधानों और सदस्यों को शपथ ग्रहण कराने के लिए डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने अधिकारियों को नामित कर दिया है।
ब्लॉक लखीमपुर में तहसीलदार, बेहजम, फूलेबहड़ और नकहा में बीडीओ, कुंभी में तहसीलदार गोला, बांकेगंज में बीडीओ शपथ ग्रहण कराएंगे।
ऐसे ही ब्लॉक बांकेगंज, बिजुआ, मोहम्मदी, पसगवां, मितौली, ईसानगर, रमियाबेहड़, पलिया में बीडीओ शपथ दिलाएंगे। जबकि धौरहरा और निघासन में तहसीलदार शपथ ग्रहण कराएंगे।

डीएम ने कहा कि शपथ ग्रहण में प्रतिभाग न करने या हस्ताक्षर न करने वाले प्रधान या सदस्य का पद रिक्त समझा जाएगा। इसलिए 25 मई 2021 को संघटित ग्राम पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधान और सदस्य वीडियो कांफ्रेसिंग/वर्चुअल माध्यम से ग्राम पंचायत वार शपथ ग्रहण करना सुनिश्चित करें। यदि इस दिन कोई प्रधान या सदस्य किसी कारण से शपथ नहीं ले पाता है, तो उसके अगले दिन 26 मई 2021 को अनिवार्य रूप से शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण कार्यक्रम पंचायत घर या सामुदायिक भवन या ग्राम पंचायत क्षेत्र के कामन सर्विस सेंटर पर किया जाएगा। इस दौरान कोविड प्रोटोकाल का अनुपालन करना जरूरी होगा। संवाद
-
कोरम पूरा नहीं हुआ तो हमारा क्या कसूर
बड़े अरमान से काफी मेहनत और संपर्क कर प्रधान का चुनाव जीता। उनकी पंचायत में 11 में सात पंचायत सदस्यों की कमी रह गई है, इसमें उनका क्या दोष है। अधिकारियों की लापरवाही से पंचायत सदस्य कम बन पाए, ऐसे में सरकार को इन प्रधानों को भी शपथ ग्रहण करा देनी चाहिए।
-सोमनाथ मिश्र, प्रधान बांसगांव।
-
सरकार को 21 दिन बाद नवनिर्वाचित प्रधानों की वर्चुअल शपथ कराने का समय मिल पाया है। इससे बेहतर 10 दिन का और समय लेकर कोरम पूरा करके सभी प्रधानों की शपथ एक साथ कराते तो पंचायत के लिए बनाई गई योजनाओं के विकास कार्य भी शुरू होते। अब विकास कार्य प्रभावित होंगे।
-ऋषिपाल गुप्ता, प्रधान, चांदामाऊ इमिलाहार
-
कोरम के अभाव में शपथ न होने के कारण विकास कार्यों में देरी होगी। ग्राम प्रधान ही नहीं, ग्राम पंचायत के मतदाता भी इस व्यवस्था से असंतुष्ट हैं। प्रशासक कार्यकाल में पंचायत का यथोचित विकास नहीं हो सकता है।
-राज्यपाल मौर्य प्रधान गफ्फारनगर।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !