तीन घंटे तक प्रभावित रहा यातायात, पुलिस के समझाने पर बमुश्किल माने ग्रामीण
कुइयांडीह गांव में जमीन के विवाद को लेकर हुए दोहरे हत्याकांड का मामला
ममरी। कुइयांडीह गांव में जमीन के विवाद को लेकर हुए दोहरे हत्याकांड में मृतक के परिजन ने हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर क्षेत्र की मुख्य सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। इससे करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
चक्का जाम और हंगामे की सूचना पर सीओ मोहम्मदी अभय प्रताप मल्ल, कोतवाली निरीक्षक बृजेश कुमार त्रिपाठी पुलिस फोर्स के साथ पहुंच गए। करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद सीओ ने पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जब केस धारा 147, 148, 149 व 302 में तरमीम कराया तब कहीं जाकर मामला शांत हुआ। फिर भी परिवार की महिलाएं धरने पर बैठी रहीं।
बाद में भाजपा नेता विनोद वर्मा और सीओ अभय प्रताप मल्ल के समझाने पर लोग मृतक का शव डनलप में रखकर लौट गए और उसका दाह संस्कार किया। इस दौरान करीब तीन घंटे तक सड़क के दोनों तरफ यातायात बाधित रहा। परिजन का कहना था कि पुलिस आरोपियों को बचाना चाहती है।
गांव में छाया मातम, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
ममरी। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। मृतक विमल वर्मा के पिता मथुरा प्रसाद, खुशीराम वर्मा, भाई विनीत, विवेक आदि परिजन का कहना है कि जमीन के विवाद में मारे गए विमल वर्मा की चिता की आग अभी बुझ भी नहीं पाई थी कि बुधवार की सुबह लखनऊ में महेशचंद की इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे परिवार वालों पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है। गांव में पुलिस तैनात है। परिवार का कहना है कि विवाद काफी दिनों से चल रहा था। यदि पुलिस समय रहते चेत जाती तो शायद यह दिन देखना पड़ता। संवाद
Lakhimpur Kheri :हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर जाम की सड़क
May 20, 2021