Lakhimpur Kheri :पंचायत चुनाव की रंजिश में चली गोली, युवक जख्मी

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚
रेहरिया। मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र के गांव करौंदा में प्रधान पद की चुनावी रंजिश में हुए विवाद में एक पक्ष ने तमंचे से गोली चला दी। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया है। घायल को जिला अस्पताल से लखनऊ भेजा गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
करौंदा गांव में मसीउल्लाह और मोहम्मद अहसान ने प्रधानी का चुनाव लड़ा था, जिसमें मसीउल्लाह की जीत हुई थी। जिस पर मसीउल्लाह पक्ष के इश्तियाक पुत्र आमीन और मोहम्मद अहसान पक्ष के अफजाल पुत्र नब्बन खां के बीच बृहस्पतिवार की शाम को विवाद हो गया। आरोप है कि इश्तियाक ने 315 बोर तमंचे से पांच राउंड फायर किए, जिसमें एक गोली अफजाल के हाथ पर लगने से वह घायल हो गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल रेहरिया चौकी इंचार्ज को दी। रात में ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने इश्तियाक के पास से तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किया है।

रेहरिया चौकी इंचार्ज हर्षित कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। शांति भंग को लेकर प्रथम पक्ष से इश्तियाक पुत्र आमीन, सरताज खां पुत्र सदाके खां, दूसरे पक्ष से फैसल खां पुत्र नब्बन खां, नबलखा पुत्र तफ्फाक उल्ला, हाशिम पुत्र छब्बन पर रिपोर्ट दर्ज कर चालान भेज दिया गया है।

रायपुर में दूसरे दिन भी फायरिंग, फैला तनाव
सिकन्द्राबाद। प्रधानी चुनाव में हार जीत को लेकर थाना नीमगांव की सिकन्द्राबाद चौकी क्षेत्र के ग्राम रायपुर में लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को सुबह एक बार फिर हवाई फायरिंग हुई। जीते प्रधान ने अपना घर घेरे जाने का आरोप लगाया, वहीं हारे प्रत्याशी ने प्रधान पक्ष पर झगड़ा करने का आरोप लगाया।
ग्राम प्रधान सलीम ने बताया कि शुक्रवार की सुबह वह गोला चले गए थे, इसी बीच हारे प्रत्याशी आरिफ के समर्थकों ने कई राउंड फायरिंग कर दी। वहीं आरिफ ने बताया कि गांव में कोई फायरिंग नहीं हुई, जबकि प्रधान पक्ष के लोग गोला दागते हैं फिर झगड़ा करते हैं, लिहाजा डर की वजह से वह गांव से बाहर हैं।

सूचना पर प्रभारी एसओ संजीव तोमर चौकी इंचार्ज मनवीर सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और इलियास, रफीक, मुनीस, आबिद और वलीम समेत पांच को गिरफ्तार कर चालान भेज दिया। बृहस्पतिवार की शाम भी प्रधानी का चुनाव जीतने वाले व हारने वाले समर्थकों के बीच ताना मारने को लेकर दोनों पक्ष आमने सामने हो गये थे और गाली गलौज के बाद पथराव शुरू हो गया था। इस बीच हवाई फायरिंग भी हुई थी।
चौकी इंचार्ज मनवीर सिंह ने बताया कि जीते और हारे पक्ष के समर्थक आपस में भिड़ जाते हैं, कोई फायरिंग नहीं हुई है। पांच लोगों को हिरासत में लेकर शांति भंग की आशंका में चालान भेजा गया है। दोनों पक्षों के लोगों को चिन्हित कर निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

चुनाव की रंजिश में विवाद, छह लोग घायल
गोला गोकर्णनाथ। मैलानी थाना क्षेत्र के ग्राम सीतारामपुर ग्रंट नं तीन में चुनाव की रंजिश में पराजित प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने विजयी प्रत्याशी के समर्थक के घर धावा बोलकर छह लोगों की पिटाई कर दी। पीड़ित ने अधिकारियों से जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
सीतारामपुर के राकेश कुमार चौधरी ने अधिकारियों को भेजी गई शिकायत में कहा है कि वह ग्राम पंचायत सीतारामपुर ग्रंट नं.तीन का पूर्व प्रधान है। पंचायत चुनाव में प्रधान पद के लिए रमेश कुमार की पत्नी लौंगश्री प्रधान पद की प्रत्याशी थीं। पीड़ित का परिवार रजविंदर कौर के समर्थन में था। आरोप है कि विपक्षी रमेश कुमार चुनाव बाद उससे रंजिश मानने लगे। दो मई को मतगणना होने के बाद विपक्षी रमेश कुमार चुनाव हार गया। तीन मई को शाम पांच बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर था। इसी बीच रमेश कुमार और उसके समर्थक रामगोपाल, अमरेंद्र राज, अमित कुमार, सर्वजीत, रामकुमार, अंकित कुमार, चंदन, गंगाराम आदि ने तमाम साथियों के साथ घर पर धावा बोल दिया और परिवार वालों को लाठी डंडों, धारदार हथियारों से प्रहार कर घायल कर दिया। पीड़ित का कहना है कि जब वह मैलानी थाना रिपोर्ट दर्ज कराने गया तो उसकी तहरीर ले ली गई, जांच करने का बहाना बनाकर रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई जिससे आरोपियों के हौंसले बुलंद हैं। पीड़ित ने आरोपियों पर कार्रवाई कर परिवारियों के जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। एसओ मैलानी चंद्रभाल यादव ने बताया कि मामला चुनाव की रंजिश का है। तहरीर मिली है, जांच की जा रही है। जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद

प्रधानपति समेत दो लोगों का पुलिस ने किया चालान
तिकुनियां। ग्राम पंचायत खमरिया कोइलार निवासी प्रधान पति अफलाक खां तथा उनके साथी खलील का मारपीट तथा गैर इरादतन हत्या के आरोप में चालान किया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम पंचायत खमरिया कोइलार निवासी जीते प्रधान पति अफलाक खां तथा खलील पर गांव के हारे प्रधान पति जमाल के भांजे कौसर ने तीन मई को कोतवाली में दी गई तहरीर में अपनी मां रसूला (55) की मारपीट कर हत्या कर देने का आरोप लगाया था, जिसके चलते पुलिस ने नामजद प्रधान पति तथा खलील को विवेचना के बाद गैर इरादतन हत्या तथा मारपीट करने के आरोप में चालान कर दिया है। कोतवाली प्रभारी ज्ञान प्रकाश तिवारी ने बताया कि पीड़ित की ओर से मिली तहरीर में नामजद प्रधान पति तथा उनके साथी खलील का चालान कर दिया गया है।संवाद

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !