Lakhimpur Kheri :प्रधानों के हाथों में आई गांवों की कमान

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚

774 ग्राम पंचायतों में हुई ग्राम समिति की पहली बैठक


मुख्यमंत्री के ऑनलाइन कार्यक्रम में शामिल होंगे मसानखंभ के प्रधान शिवचरन लखीमपुर खीरी। जनपद की 774 ग्राम पंचायतों में बृहस्पतिवार को ग्राम पंचायत समिति की पहली बैठक कराई गई, जिसके साथ ही इनमें प्रधान और सचिव ने औपचारिक रूप से कामकाज संभाल लिया है। शेष 391 ग्राम पंचायतों में कोरम पूरा न होने से प्रधानों और सदस्यों का शपथ ग्रहण नहीं हो सका था, जिससे इनमें पंचायत समिति की पहली बैठक नहीं कराई गई।
डीपीआरओ सौम्य शील सिंह ने बताया कि बैठक के लिए एक तिहाई सदस्य प्रधान सहित होना जरूरी है, जिस हिसाब से सभी जगह कोरम पूरा रहा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को नवनिर्वाचित प्रधानों के शपथ ग्रहण के बाद उन्हें संबोधित करेंगे। इस दौरान कुछ प्रधानों से मुख्यमंत्री बातचीत भी करेंगे, जिसमें जनपद के पलिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत मसानखंभ के प्रधान शिवचरन भी शामिल होंगे।

बांकेगंज। बृहस्पतिवार को क्षेत्र की 50 पंचायतों की अलग-अलग पहली बैठक हुई। इसके साथ ही पंचायतों का विधिवत गठन हो गया। बांकेगंज ब्लॉक क्षेत्र की पंचायत ग्रंट नंबर 10, 11, असौवा, भरगिवां, संसारपुर समेत सभी ग्राम पंचायतों में पहली बैठक में विभिन्न कार्यों के संपादन के लिए नियोजन-विकास, शिक्षा, प्रशासनिक, जल, स्वास्थ्य-कल्याण एवं निर्माण कार्य समेत छह-छह समितियों का गठन किया गया। पंचायतों की बैठक में संबधित ग्राम पंचायत विकास अधिकारी जगतपाल, अन्नया सिंह, इंद्रजीत सिंह, अमित गुप्ता, धमेंद्र, विजेंद्र अवस्थी, सर्वेश वर्मा, योगेश वर्मा आदि समेत ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य मौजूद रहे।
ममरी। ब्लॉक कुंभी गोला क्षेत्र की ग्राम पंचायत परेली में प्रधान बालगोविंद वर्मा और सचिव ललित वर्मा की मौजूदगी में बैठक हुई। इसमें छह समितियों नियोजन, विकास, शिक्षा, निर्माण कार्य, स्वास्थ्य एवं कल्याण, प्रशासनिक समिति, जल प्रबंधन समिति का गठन किया गया। इन समितियों का सभापति प्रधान को बनाया गया है। वहीं रोशननगर, कुकरा, भीखमपुर में भी ग्राम पंचायत की पहली बैठक में समितियों का गठन किया गया।
पलियाकलां। बीडीओ डॉ. विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि ग्राम पंचायतों में बृहस्पतिवार को पहली पंचायत बैठक हुई। गांव पंचायतों में छह समितियां बनाई गई हैं। वैध रूप से अब प्रधान ग्राम पंचायतों का सारा काम संभालेंगे।

मोहम्मदी। ग्राम पंचायत अधिकारी प्रभात कुमार वर्मा ने ब्लाक क्षेत्र के गांव सहिजना के जूनियर हाईस्कूल में ग्राम पंचायत की पहली बैठक सम्पन्न कराई। इसके अलावा राजापुर बेनी, शाहपुर राजा में बैठकें हुईं।
पसगवां। विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायतों की बैठक पसगवां, मुल्लापुर, जमिरहा, सुखबसा, सल्लिया, काशीपुर, आदि गांवों में हुई। पसगवां, पतवन में समितियों को लेकर थोड़ी नोकझोंक हुई, लेकिन बहुमत के आधार पर निर्णय हो गया।
तिकुनिया। ग्राम पंचायत सुथना बरसोला के उच्च प्राथमिक विद्यालय में ग्राम प्रधान तथा सदस्यों की पहली बैठक हुई बैठक में समितियों का गठन किया गया।
सिकन्द्राबाद। ग्राम पंचायत सिकन्द्राबाद की पहली बैठक कोरम पूरा न होने की वजह से स्थगित हो गई। यह जानकारी ग्राम पंचायत अधिकारी अखिलेश कुमार सिंह ने दी।
मितौली। बीडीओ मितौली चंदन देव पांडे ने बताया कि बैठक में नियोजन एवं विकास समिति, शिक्षा समिति, निर्माण समिति, स्वास्थ्य एवं कल्याण समिति, प्रशासनिक समिति तथा जल प्रबंधन समितियों का प्रस्ताव कर उन्हें गठित किया गया।

ग्राम पंचायत मसानखंभ में 946 मतदाता

नेपाल बार्डर पर स्थित थारू बाहुल्य ग्राम पंचायत मसानखंभ में 946 मतदाता हैं, जिसमें शिवचरन लगातार तीसरी बार निर्विरोध प्रधान चुने गए हैं। डीपीआरओ सौम्य शील सिंह ने बताया कि ग्रामीणों में प्रधान की काफी अच्छी छवि है। वह कक्षा आठ तक पढ़े हैं। उन्होंने गांव के विकास में काफी अच्छा योगदान किया है, जिससे उन्हें मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में स्थान मिला है। शुक्रवार को 3.30 बजे वेबीनार के माध्यम से मुख्यमंत्री सभी प्रधानों को संबोधित करेंगे।

समितियों के गठन में मनमानी पर सदस्यों ने दिया धरना

गोला गोकर्णनाथ। ग्राम पंचायत सकेथू में समितियों के गठन में मनमानी बरतने पर क्षुब्ध पंचायत सदस्यों को पद न मिलने से संतोष कुमार शर्मा, राधा देवी, माया देवी, वेदप्रकाश ने धरना दिया। सूचना पर पहुंचे एडीओ समाज कल्याण रामखिलावन ने समझा बुझाकर निष्पक्ष रूप से समितियों का गठन कराने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।

सदस्यों ने सचिव के साथ हुई पहली बैठक का किया विरोध

निघासन। क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुलरिहा पत्थर शाह में ग्राम पंचायत की पहली बैठक का नौ ग्राम पंचायत सदस्यों ने बहिष्कार कर दिया।
दो लोगों को फर्जी शपथ दिलाने को लेकर सदस्य नाराज है। बृहस्पतिवार को पंचायत की पहली बैठक थी। सदस्यों ने उसका विरोध कर दिया। सदस्यों का आरोप है कि पहले तो सचिव ने मनाने की कोशिश की, लेकिन बाद में उन्होंने बैठक में शामिल न होने पर धमकी भी दी। उधर, सचिव ने आरोपों को निराधार बताया है। उधर, एसडीएम ओपी गुप्ता ने नोटिस जारी करते हुए सचिव को शुक्रवार को तलब किया है। संवाद

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !