10 शिविर लगाकर होगा वैक्सीनेशन का आगाज
12 साल तक के बच्चों के माता-पिता को मिलेगी प्राथमिकता लखीमपुर खीरी। कोरोना संक्रमण से युवाओं को सुरक्षित करने के लिए जिले में एक जून से 18 से 44 साल तक के युवाओं का टीकाकरण होगा। शासन से निर्देश मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शुरूआत में वैक्सीनेशन सिर्फ दस जगहों पर होगा। इसके लिए कार्यस्थल चिह्नित किए गए हैं। टीकाकरण के लिए युवाओं को पंजीकरण भी नहीं कराना होगा। उधर, 12 साल तक के बच्चों के अभिभावकों को भी वरीयता मिलेगी।
कोरोना की दूसरी लहर से पहले बुजुर्ग एवं 45 साल से अधिक उम्र वालों का टीकाकरण शुरू हुआ। इस दौरान आई कोरोना की दूसरी लहर ने तबाही मचा दी। इसमें बच्चों से लेकर बुजुर्ग और युवा बड़ी संख्या में संक्रमित हुए। दूसरी लहर में कोरोना का तांडव देखते हुए सरकार ने 18 से 44 साल तक के लोगों का टीकाकरण एक मई से शुरू करने की घोषणा की, जिसकी किसी कारणवश जिले में शुरूआत नहीं हो सकी। मगर अब एक जून से युवाओं के टीका लगने लगेगा।
बच्चों के लिए खतरनाक बताई जा रही तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए शासन ने 12 साल तक के बच्चों के माता-पिता का प्राथमिकता से टीकाकरण कराने की निर्णय लिया है। महकमे के लोग बताते हैं कि अभिभावकों से ही बच्चों में संक्रमण होगा, क्योंकि स्कूल आदि बंद होने से बच्चे घर पर हैं। मगर इनके माता-पिता किसी न किसी कारण घर से बाहर निकलते रहते हैं। इसलिए इस उम्र के बच्चों के माता पिता को वैक्सीन लगवाने में प्राथमिकता दी जाएगी।
यहां लगेंगे विशेष शिविर
जिला न्यायालय, कलक्ट्रेट, विकास भवन सहित बीएसएस कार्यालय एवं डायट में से एक जगह पर टीकाकरण के लिए विशेष शिविर लगेंगे। इसमें पत्रकार, वकील, शिक्षक सहित सरकारी कार्यालयों में काम करने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए कलक्ट्रेट कर्मचारियों की सूची डीएम कार्यालय, सीडीओ से विकास भवन कर्मियों, मीडिया कर्मियों की सूची जिला सूचना अधिकारी, शिक्षकों की सूची डीआईओएस व बीएसए कार्यालय से मांगी गई है, जबकि अन्य सरकारी कर्मचारियों की सूचना डीएम कार्यालय से ली जाएगी। इन जगहों पर रोजाना 1000 लोगों के वैक्सीन लगाई जाएगी।एक जून से 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का वैक्सीनेशन होगा। इसकी तैयारी चल रही है। सरकारी कार्यालयों से कर्मचारियों की सूची मांगी है। एक जून से दस जगहों पर विशेष शिविर लगाकर वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए पंजीकरण कराना आवश्यक नहीं होगा।- डॉ. बलबीर सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी