घर में घुसकर तेंदुए ने पिता-पुत्र और पुत्री पर किया हमला, घायल

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚
बांकेगंज (लखीमपुर खीरी)। दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन के मैलानी रेंज जंगल के निकट बसे गंगापुर गांव में शुक्रवार रात तेंदुए ने घर में घुसकर पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। उनके चीखने चिल्लाने पर जब घर के अन्य लोग उन्हें बचाने दौड़े तो इस बीच तेंदुए ने उनकी पुत्री को भी पंजा मारकर घायल कर दिया।
बांकेगंज कस्बे से सटे मैलानी रेंज जंगल के गांव गंगापुर में शुक्रवार रात गांव निवासी राधेश्याम (42 ) और उसका 20 वर्षीय पुत्र आकाश घर के आंगन में सो रहे थे। रात करीब ढाई बजे एक तेंदुआ उनके घर में घुस आया और सोते समय ही पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। अचानक हुए तेंदुए के हमले में दोनों की चीख निकल गई। उनकी चीख सुनकर घर के अन्य लोग वहां पहुंच गए और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। इस बीच भागते-भागते तेंदुए ने राधेश्याम की 16 वर्षीय पुत्री रोशनी को भी पंजा मारकर घायल कर दिया। तेंदुए के हमले में राधेश्याम के पेट और उनके पुत्र आकाश के दाहिने हाथ में गहरे जख्म हुए हैं। परिजन रात में राधेश्याम और आकाश को लेकर बांकेगंज सीएचसी पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

मैलानी रेंज जंगल से सटे गंगापुर गांव में तेंदुए के हमले में पिता-पुत्र के घायल होने की सूचना मिली है। वन विभाग की टीम मौके पर भेजी गई है। ग्रामीणों को सलाह है कि वे सतर्कता बरतें।
- डॉ अनिल कुमार पटेल, उपनिदेशक, दुधवा टाइगर रिजर्व, बफरजोन।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !