![]() |
लखीमपुर खीरी। डीएम डॉ अरविंद कुमार चौरसिया के निर्देश पर शनिवार को कृषि विभाग के अधिकारियों और तहसील के अधिकारियों ने खाद की दुकानों पर सघन छापे मारे, जिसमें दो दुकानों में गड़बड़ी पाए जाने पर उनके लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। विभिन्न उर्वरकों के 29 नमूने भरे गए, जबकि सात दुकानदारों को चेतावनी नोटिस जारी की गई है।
उप कृषि निदेशक वाईपी सिंह ने सदर तहसील क्षेत्र की खाद दुकानों पर छापे मारे। जिला कृषि अधिकारी सत्येंद्र प्रताप सिंह ने मितौली एसडीएम दिग्विजय सिंह के साथ तहसील क्षेत्र की दुकानों का निरीक्षण किया। जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ इंद्रेषु गौतम ने निघासन तहसील क्षेत्र में एसडीएम के साथ दुकानों पर छापे मारे और शिव फर्टिलाइजर टांडा, ओम फर्टिलाइजर, अष्टभुजा फर्टिलाइजर, जुआरी एग्रो से नमूूने भरे। वर्मा ट्रेडिंग कंपनी झंडी चौराहा और विमल ट्रेडिंग कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि मितौली क्षेत्र के भीखमपुर स्थित आकृति सुविधा केंद्र और मोहम्मदी में आकृति ट्रेडिंग कंपनी मोहम्मदी का लाइसेंस निलंबित कर खाद बिक्री पर रोक लगाई गई है। संवाद
