बिजली लाइन की पेट्रोलिंग के दौरान छाउछ उपकेंद्र के निकट नहर पटरी पर हुई वारदात
बिजली विभाग के अधिकारियों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी, सीओ से की शीघ्र कार्रवाई की मांग
लखीमपुर खीरी। बिजली विभाग के एसडीओ (नगर) पर दबंगों ने रविवार को मारपीट करने के साथ ही तमंचे से फायर झोंक दिया। एसडीओ ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। आवाज सुनकर पास में काम कर रहे बिजली कर्मी मौके पर पहुंचे तो हमलावर जान-माल की धमकी देते हुए भाग निकले। एसडीओ पर हमले के कारणों का पता नहीं चल सका है। एसडीओ ने भी हमलावरों से कोई बातचीत व जान-पहचान होने से इंकार किया है।
एसडीओ अनुराग कुमार शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि 33 केवी बिजली लाइन छाउछ उपकेंद्र से निकलकर कलक्ट्रेट उपकेंद्र पर आती है, जिसकी केबिल में दूरदर्शन के पास खराबी आ गई थी। मरम्मत कार्य कराया जा रहा था, जिसका निरीक्षण करने के लिए वह गए थे। वहां से बिजली कर्मी कमलेश व पवन मिश्रा के साथ अपरान्ह दो बजे लौटते समय छाउछ उपकेंद्र के पास नहर पटरी पर तीन व्यक्ति खड़े थे, जिन्होंने एसडीओ को रोका। फिर एक व्यक्ति ने गालियां देते हुए पूछा कि इधर से कहां जा रहे हो और थप्पड़ मार दिया। इसके बाद एक आरोपी चिल्लाया आदिल इसे गोली मार दो। तभी आदिल ने तमंचे से एसडीओ पर फायर झोंक दिया, जो मिस हो गया। उन्होंने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
वहीं फायर की आवाज सुनकार वहां काम कर रहे बिजली कर्मी मौके पर दौड़ पड़े। तीनों आरोपी जान-माल की धमकी देते हुए भाग गए। एसडीओ ने कोतवाली पुलिस के सीयूजी पर घटना की सूचना दी। घटना से नाराज विभाग के कर्मचारी-अधिकारी पीड़ित एसडीओ के साथ सीओ सिटी से मिले और आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
एसडीओ की तहरीर के अनुसार आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। - अरविंद कुमार वर्मा, सीओ सिटी