पलिया के क्राइम इंस्पेक्टर को मिला चार्ज, विधायक से वार्ता के बाद हुई कार्रवाई
पलियाकलां। चंदन चौकी कोतवाल निर्भय कुमार सिंह पर व्यापारियों के उत्पीड़न के आरोप के बाद शुरू हुए धरना स्थल पर विधायक रोमी साहनी पहुंचे तो व्यापारियों ने एक-एक कर उन्हें अपना दुखड़ा सुनाया। उन्होंने विधायक से कहा कि जब तक कार्रवाई नहीं होगी तब तक वह मंडी बंदकर धरना देते रहेंगे। इस पर विधायक ने पुलिस अधीक्षक से वार्ता की और फिर इसके बाद कोतवाल, मुख्य आरक्षी अशोक कुमार वर्मा, आरक्षी जयचंद को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं कोतवाली का प्रभार पलिया कोतवाली के इंस्पेक्टर क्राइम संतोष यादव को दे दिया गया है। विधायक ने बताया कि उन्होंने पुलिस अधीक्षक से कार्रवाई को कहा था जिस पर यह कार्रवाई की गई है। इससे पूर्व पुलिस अक्षीक्षक ने सीओ गोला संजय नाथ तिवारी से जांच भी कराई थी।
कोतवाल के खिलाफ दूसरे दिन भी धरने पर बैठे रहे व्यापारी
पलियाकलां/ चंदनचौकी। चंदनचौकी कोतवाल समेत पुलिस स्टाफ पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों से सीओ गोला रविवार को मिलने पहुंचे और व्यापारियों के बयान दर्ज किए।
मामले में एसपी और डीएम को भी पत्र भेजा गया था। मामले का संज्ञान लेते हुए एसपी विजय ढुल ने सीओ गोला संजय नाथ तिवारी को चंदनचौकी में व्यापारियों से बात करने के लिए भेजा। देर शाम को सीओ गोला संजय नाथ तिवारी ने कस्बा पहुंचकर सुलह समझौता कराने का प्रयास किया। व्यापारियों के लिखित बयान दर्ज किए और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। व्यापारियों ने कार्रवाई न होने तक दुकानें न खोलने की बात कही है। उन्होंने बताया कि उनकी व्यापारियों से बात हुई है। एसपी को पूरे प्रकरण से अवगत करा दिया गया। अब एसपी द्वारा ही आगे कोई निर्णय लिया जाएगा। संवाद