मगरमच्छ के हमले में 12 साल के बालक की मौत

𝐤𝐮𝐬𝐡𝐚𝐥 𝐕𝐞𝐫𝐦𝐚
पीलीभीत। मगरमच्छ के हमले में भैंस चराने गए 12 साल के बालक रूरा रामनगर निवासी डोरीलाल पुत्र जानकी प्रसाद की मौत हो गई। उसका क्षतविक्षत शव रविवार दोपहर 12 बजे खकरा नदी में मिला। न्यूरिया पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।

न्यूरिया थाना क्षेत्र के गांव रूरा रामनगर निवासी जानकी प्रसाद ने बताया कि उनका बेटा डोरीलाल शनिवार दोपहर करीब तीन बजे गांव के बाहर एक किलोमीटर दूर खकरा नदी किनारे गया था। गांव के अन्य बच्चे भी जानवर लेकर गए थे। डोरीलाल भैंस को पानी पिलाने के लिए खकरा नदी में उतरा। इस बीच मगरमच्छ ने उस पर हमला कर नदी में खींच लिया। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने शोर मचाया। इस पर ग्रामीण जमा हुए और बच्चे की तलाश शुरू कर दी। देर शाम न्यूरिया थाने में सूचना दी गई। रात होने की वजह से उस वक्त कोई कदम नहीं उठाए जा सके। दूसरे दिन रविवार सुबह दोबारा खकरा नदी में तलाश की गई। गांव से करीब आठ किमी दूर खकरा नदी से दोपहर 12 बजे क्षतविक्षत शव बरामद हुआ। न्यूरिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह खरौंसा गांव के सरकारी विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। मां धर्मवती का रो-रोकर बुरा हाल रहा। ग्रामीण और रिश्तेदार परिजन को ढांढस बंधाने में जुटे रहे। सीओ सिटी वीरेंद्र विक्रम ने बताया कि शव खकरा नदी से क्षतविक्षत हालत में मिला था। उसे पोस्टमार्टम को भेज दिया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Accept !