किसान का नहीं खरीदा गेहूं, सचिव से की अभद्रता
किसानों की शिकायत पर पहुंचे एसडीएम, लगाई फटकार
गोला गोकर्णनाथ। कृषि उत्पादन मंडी समिति में किसान गेहूं बेचने के लिए भटक रहा है। केंद्र प्रभारी किसानों को बोरों की कमी बताकर महीनों से टरका रहे हैं। सोमवार को एसडीएम के निर्देश पर किसान की समस्या का निराकरण कराने पहुंचे मंडी सचिव से आरएफसी सेंटर द्वितीय इंचार्ज धर्मराज ने अभद्रता की। शाम को शिकायत पर पहुंचे एसडीएम ने दोनों पक्षों की बात सुनकर केंद्र इंचार्ज की फटकार लगाई।
हिंदुस्तान फार्म ग्रंट नंबर तीन के किसान बलवीर सिंह ने बताया कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और टोकन लेकर 26 मई को आरएएफसी सेंटर सेकेंड पर गेहूं बेचने आए थे। तब से उन्हें बारदाना न होने की बात कहकर टाला जा रहा है। शनिवार को उन्होंने अपनी 85 वर्षीय दिव्यांग मां पूरन कौर को लेकर एसडीएम अखिलेश यादव से गेहूं खरीद कराने के लिए गुहार लगाई।
एसडीएम के निर्देश देने के बाद भी आरएफसी के सेंटर इंचार्ज ने गेहूं नहीं खरीदा। विवश होकर सोमवार को बलबीर सिंह ने एडीएम अरुण कुमार सिंह से गेहूं खरीद में हो रही समस्या बताई। उधर, एडीएम से शिकायत होने पर एसडीएम के निर्देश पर सचिव ब्रजभान सिंह आरएफसी सेंटर द्वितीय पर किसान की समस्या का निराकरण कराने पहुंचे तो इंचार्ज ने सचिव से भी अभद्रता कर दी। शाम को किसानों के एकत्र होने पर मंडी पहुंचे एसडीएम अखिलेश यादव ने किसानों और सचिव से मामले की जानकारी कर सेंटर इंचार्ज की फटकार लगाई।
सचिव और किसानों ने आरएफसी सेंटर इंचार्ज धर्मराज के रवैये की शिकायत की है। केंद्र प्रभारियों को गेहूं खरीद कराने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। तहसीलदार और सचिव द्वारा केंद्रों पर हुई खरीद, बारदाने का सत्यापन कराया जाएगा, अनियमितता मिलने पर केंद्र प्रभारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। - अखिलेश यादव, एसडीएम गोला
एसडीएम के निर्देश पर आरएफसी सेंटर सेकेंड पर किसान की समस्या का निराकरण कराने गए थे। जहां केंद्र इंचार्ज धर्मराज ने अभद्रता पूर्ण व्यवहार किया। एसडीएम से शिकायत की है।
- बृजभान सिंह, सचिव मंडी समिति गोला