खुद को दिल्ली का गैंगस्टर बताया, हत्या की धमकी दी
पिस्टल के साथ अपना फोटो भेजा, दो तमंचों समेत गिरफ्तार बरेली। अशोका फोम के मालिक अशोक गोयल के भतीजे नमन गोयल को नीरज तिवारी नाम के बदमाश ने व्हाट्सएप पर कॉल करके 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पिस्टल के साथ उन्हें अपना फोटो भेजकर नीरज ने खुद को दिल्ली का गैंगस्टर बताया। धमकी दी कि रुपये न देने या पुलिस को सूचना देने पर परिवार समेत हत्या कर दी जाएगी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे दो तमंचे और कारतूस बरामद हुए हैं।
रामपुर गार्डन निवासी नमन गोयल मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे हैं, साथ ही कारोबार में भी सहयोग करते हैं। उनके तहेरे भाई संजय अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि दो जून की रात 8:10 बजे नमन के मोबाइल पर एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप कॉल की। उसने खुद को दिल्ली का गैंगस्टर नीरज तिवारी बताया। गाली-गलौज कर धमकाते हुए उसने 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पुलिस को बताने या रुपये न देने पर परिवार समेत हत्या की धमकी दी। इसके बाद उसने पिस्टल के साथ अपना फोटो भी नमन को भेजा और अकाउंट नंबर देकर उसमें रुपये ट्रांसफर कराने को कहा।धमकी से डरे परिवार वालों ने फौरन ही एसएसपी रोहित सिंह सजवाण से संपर्क किया तो उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीमें लगा दी गईं। मोबाइल की लोकेशन के आधार पर शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को दो तमंचा और कारतूस समेत गिरफ्तार कर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर ली। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शिवम पुत्र हरपाल बताया। इंस्पेक्टर कोतवाली पंकज पंत ने बताया कि शिवम पहले प्रेमनगर की शास्त्रीनगर कॉलोनी में रहता था लेकिन पिता की मौत के बाद मकान बेच दिया और अब सुभाषनगर की बीडीए कॉलोनी में किराये पर रह रहा है।
इंटरनेट से नंबर निकालकर करता है फोन, पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कुछ सिरफिरा है। छेड़छाड़ के मामले में वर्ष 2019 में दिल्ली के उत्तमनगर थाने से जेल भी भेजा गया था। तीन महीने बाद जमानत पर रिहा हुआ। वह इंटरनेट से नंबर निकालकर पहले भी वह कई लोगों को धमकी देकर परेशान कर चुका है। पुलिस का कहना है कि अगर वह सिरफिरा नहीं होता तो पिस्टल के साथ अपना फोटो और रंगदारी के रुपये ट्रांसफर करने के लिए अकाउंट नंबर नहीं देता।पुलिस से कहा- पिस्टल भी है मेरे पास
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा बरामद किया है। मगर जब पूछताछ की गई तो उसने पुलिस से कहा कि उसके पास पिस्टल भी है। अब पुलिस उससे पिस्टल बरामद करने का प्रयास कर रही है।नमन गोयल को धमकी देकर रंगदारी मांगने के आरोपी शिवम को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से एक तमंचा बरामद किया गया है। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी