संसारपुर। पीलीभीत-बस्ती नेशनल हाईवे 730 के चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो गया है। इस दौरान कस्बे में सड़क के एक तरफ नाला की खोदाई से परेशान व्यापारियों की मांग पर पलिया विधायक रोमी साहनी मौके पर पहुंचे और 45 फुट के बाद के निर्माण न टूटने की बात कही।
व्यापारियों का कहना है कि बीच सड़क से एक तरफ 70 फुट की दूरी पर जेसीबी से नाले की खोदाई होती है तो इस दायरे में आने वाली की दुकानें टूटेंगी। इससे दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। उनका कहना है कि सड़क का चौड़ीकरण एक तरफ मात्र पांच मीटर ही होना बताया गया है। इस बीच संसारपुर पहुंचे विधायक रोमी साहनी ने एनएच अधिकारियों से बात कर व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा की संसारपुर कस्बे के भीतर सड़क के एक तरफ 45 फुट के बाद का निर्माण किसी भी कीमत पर तोड़ने नहीं दिया जाएगा। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष गोवर्धनलाल गुप्ता, किशोर गुप्ता, मनोज गुप्ता, राकेश जायसवाल, मदनलाल वर्मा, पवन कश्यप, राजाराम, रामसागर सहित दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे।